बांग्लादेश सीमा पर सख्ती बढ़ी तो म्यांमार से शुरू की भारत में घुसपैठ, यूपी से पकड़ीं गईं 4 युवतियां
भारत में अवैध तरीके से विदेशी युवतियों को दाखिल कराने वाले नेटवर्क की जांच में घुसपैठ के नए रास्ते और संपर्क सामने आए हैं।

बांग्लादेश सीमा पर सख्ती बढ़ी तो म्यांमार से शुरू की भारत में घुसपैठ (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
उप्र के अलीगढ़ से पकड़ी गईं चार युवतियों व दो अन्य आरोपित
सभी से पूछताछ में सामने आए हैरान करने वाले तथ्य
दो युवतियों के रोहिंग्या होने की जानकारी सामने आई है
जेएनएन, ग्वालियर। भारत में अवैध तरीके से विदेशी युवतियों को दाखिल कराने वाले नेटवर्क की जांच में घुसपैठ के नए रास्ते और संपर्क सामने आए हैं। आरोपित मोहम्मद हसन से पूछताछ में पता चला कि बांग्लादेश सीमा पर निगरानी बढ़ने के बाद नेटवर्क ने म्यांमार से सटे मणिपुर और मिजोरम के पहाड़ी क्षेत्रों से घुसपैठ शुरू कर दी है।
मंगलवार को नेशनल इंटेलीजेंट एजेंसी (एनआइए) की टीम के ग्वालियर पहुंचने की संभावना थी, लेकिन टीम नहीं आई। एनआइए टीम की पूछताछ के बाद युवतियों को वापस भेजने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
दरअसल, ग्वालियर जीआरपी ने रविवार को म्यांमार मूल की चार युवतियों सहित छह लोगों को उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से गिरफ्तार किया था।
जांच में पता चला कि गिरोह पहले भी तीन विदेशी युवतियों को भारत में ला चुका है। सीमा पार कराने के बाद उन्हें अलग-अलग शहरों में भेजा जाता था। वहां घरेलू काम, विवाह या स्थानीय लोगों के संपर्क के जरिये उनके रहने की व्यवस्था कराने का संदेह है।
एजेंसियों को संदेह है कि यूएचआईडी कार्ड समेत अन्य कागजात के सहारे कुछ युवतियों को स्थानीय निवासी के तौर पर स्थापित करने का प्रयास भी किया गया।
दो युवतियों के रोहिंग्या होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, आधिकारिक पुष्टि दस्तावेजों के परीक्षण के बाद होगी।
जीआरपी द्वारा पकड़ी गई युवतियों से संबंधित दस्तावेजों, उनके मूल पते और परिजनों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार उन्हें उनके परिवार तक पहुंचाने की कार्रवाई की जाएगी। -अंकित जायसवाल, एसपी रेल
