अरुणाचल में सियांग परियोजना के विरोध में झड़प, प्रदर्शनकारियों ने सुरक्षाकर्मियों पर फेंके पत्थर; चार महिलाएं घायल
अरुणाचल प्रदेश में सियांग अपर बहुउद्देश्यीय परियोजना के विरोध में बंद के दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हुई, ...और पढ़ें

अरुणाचल में सियांग परियोजना विरोध

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की सियांग अपर बहुउद्देश्यीय परियोजना के विरोध में बंद के दौरान शुक्रवार को प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच झड़प हो गई। इस झड़प में चार महिलाएं घायल हो गईं।
सियांग के पुलिस अधीक्षक कामदम सिखोम ने कहा, करीब 150 से 200 प्रदर्शनकारी सियांग के दिते-दिमे में जुटे। लाठियां और गुलेल लेकर आए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहनों में तोड़फोड़ करने की कोशिश की। सुरक्षाकर्मियों पर पत्थर फेंके।
अन्य अधिकारी ने कहा, भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। झड़प में चार महिलाएं घायल हुईं और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
इस बीच बंद के कारण सियांग और अपर सियांग जिलों के साथ ही पूर्वी सियांग के कुछ हिस्सों में जनजीवन प्रभावित रहा। दुकानें और कारोबारी प्रतिष्ठान बंद रहे। बंद का आह्वान आदि बाने केबांग यूनाइटेड समेत चार संगठनों ने किया था।
इन संगठनों ने गिरफ्तार 10 कार्यकर्ताओं की रिहाई, क्षेत्र में तैनात अर्धसैनिक तथा केंद्रीय बलों को हटाने और परियोजना संबंधी गतिविधियां रोकने की मांग की है।
अरुणाचल प्रदेश सरकार ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना का मुख्य उद्देश्य सियांग नदी पर ऊपरी क्षेत्र में चीन के प्रस्तावित विशाल बांध को लेकर चिंताओं के मद्देनजर सियांग बेसिन में पानी का भंडारण और प्रबंधन करना है।
(न्यूज एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
