अरुणाचल प्रदेश: सीएम खांडू बोले- 179 नमूने एकत्र किए गए, अब तक राज्य में सिर्फ कोराना का एक मामला
अरुणाचल प्रदेश में सिर्फ एक मामला ही पॉजिटिव आया है। 19 नमूनों का परिणाम आना बाकी है।
ईटानगर, एएनआइ। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने 8 अप्रैल को सुबह 7 बजे तक की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य में 179 नमूने एकत्र किए गए, जिनमें 159 केस नेगेटिव पाए गए और सिर्फ एक मामला ही पॉजिटिव आया। वहीं, 19 नमूनों का परिणाम आना बाकी है। बता दें कि कोरोना वायरस के मद्देनजर अरुणाचल प्रदेश के चुनाव आयोग ने नगर निगम और पंचायत चुनावों को अस्थायी तौर पर रोकने का फैसला पहले ही कर लिया था। इसके अतिरिक्त भी कई अहम फैसले कोरोना वायरस को देखते हुए उठाए गए हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार भारत में कोरोना वायरस (COVID-19)से 149 लोगों की मौत हो गई है। देश में अब तक 5,194 मामले सामने आए हैं। इनमें से 4,643 लोगों का इलाज जारी है। 401 मरीज ठीक हो गए हैं। मंत्रालय द्वारा आज सुबह जारी आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में 773 मामले सामने आए हैं और 35 लोगों की मौत हुई है।
देश में सबसे ज्यादा मामले महाराष्ट्र में हैं। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के अब तक कुल 1078 मामलों की पुष्टि हो गई है। राज्य में आज 60 नए मरीजों की पुष्टि हुई है। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) क्षेत्र में 44, पुणे नगर निगम क्षेत्र (PMC) में 9, नागपुर में 4, और अहमदनगर, अकोला और बुलढाणा में प्रत्येक में एक-एक नए मामले पाए गए हैं।