आज बैंक खुले हैं या बंद? यूनियनों ने क्यों टाली 3 दिन की हड़ताल, पढ़ें इसके पीछे की कहानी
बैंक यूनियनों ने 28-30 सितंबर की अपनी तीन दिवसीय हड़ताल टाल दी है। यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन से पांच-दिवसीय ...और पढ़ें

बैंक हड़ताल खत्म। (एआई द्वारा निर्मित फोटो।)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। बैंक ग्राहकों के लिए एक अच्छी खबर है। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने तीन दिनों की हड़ताल को टालने का फैसला किया है। बैंक में लेन-देन की प्रक्रिया से परेशान ग्राहकों को इससे बड़ी राहत मिलेगी।
इसका मतलब है कि देश भर के सभी बैंक 28-30 सितंबर के दौरान सामान्य रूप से काम करते रहेंगे। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि यह टाइम हाफ ईयरली क्लोजिंग का है।
बैंक यूनियनों ने हड़ताल क्यों टाली?
बैंक यूनियनों ने रविवार को अपनी तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल रद कर दी। यह फैसला इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (IBA) से उनकी मुख्य मांगों पर भरोसा मिलने के बाद लिया गया, जिसमें लंबे समय से लंबित पांच दिन के कामकाजी सप्ताह (five-day working week) की मांग भी शामिल थी।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने सोमवार से शुरू होने वाली हड़ताल की घोषणा की थी। यह प्रस्तावित हड़ताल बैंकों के कामकाज के हिसाब से अहम समय यानी छमाही क्लोजिंग के दौरान हो रही थी।
यूएफबीयू ने एक बयान में कहा कि हड़ताल से जुड़े मुद्दों पर मिले भरोसे के बाद वे अपने तय किए गए विरोध प्रदर्शन और हड़ताल के कार्यक्रमों को टालने पर सहमत हो गए हैं। हड़ताल टलने की वजह से सोमवार को बैंक की शाखाएं खुली रहेंगी।
बैंक यूनियन क्यों करना चाहती थीं हड़ताल और उन्हें क्या भरोसा मिला है?
यूनियन और आईबीए के बीच बनी सहमति के तहत, बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने की मांग पर विचार करने के लिए तुरंत दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों वाली एक हाई-लेवल कमेटी बनाई जाएगी।
न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, यूएफबीयू ने एक बयान में कहा कि बाकी शनिवारों को छुट्टी घोषित करने के मुद्दे पर विचार-विमर्श करने के लिए आईबीए और यूएफबीयू की एक हाई-लेवल कमिटी तुरंत बनाई जाएगी। यह कमिटी सभी संभावित विकल्पों पर गौर करेगी, सभी स्टेकहोल्डर्स के साथ चर्चा करेगी और एक ऐसा समाधान निकालेगी जो सभी स्टेकहोल्डर्स और ग्राहकों को मंजूर हो।
दोनों पक्ष स्केल IV और उससे ऊपर के अधिकारियों के लिए लागू परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम पर भी चर्चा करेंगे। यूएफबीयू ने कहा कि स्कीम में संभावित बदलावों पर आईबीए के साथ बातचीत शुरू की जा सकती है और फिर यूनियनों व एसोसिएशनों की चिंताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार के सामने प्रस्ताव रखा जा सकता है।
इसमें कहा गया है कि यूनियन और आईबीए 8 मार्च 2024 के मिनट्स में बताए गए बाकी मुद्दों पर भी चर्चा करेंगे ताकि उन्हें जल्द से जल्द सुलझाया जा सके।
बैंक यूनियनों ने पहले क्या कहा था?
इससे पहले यूएफबीयू ने तीन दिन की देशव्यापी हड़ताल की घोषणा की थी। इस वजह से बैंकों को ग्राहकों के लिए एडवाइजरी जारी करनी पड़ी थी कि वे अपने जरूरी बैंकिंग काम पहले ही निपटा लें। वित्त मंत्रालय और आरबीआई के निर्देशों पर कुछ बैंक रविवार को भी खुले रहे थे।
यूएफबीयू हिमाचल प्रदेश के कन्वीनर और बैंकर्स यूनाइटेड फोरम ऑफ हिमाचल प्रदेश के प्रेसिडेंट नरेंद्र शर्मा ने कहा था कि यूनियनों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा क्योंकि सरकार के साथ ढाई साल से भी पहले हुए समझौते में किए गए वादों को अभी तक लागू नहीं किया गया है।
इस हफ्ते किन दिनों खुले रहेंगे बैंक?
28-30 सितंबर की बैंक हड़ताल रद होने के कारण इस हफ्ते देश भर में बैंक पांच दिन खुले रहेंगे। ऐसा इसलिए है क्योंकि शुक्रवार, 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के कारण राष्ट्रीय अवकाश है। चूंकि 3 अक्टूबर महीने का पहला शनिवार होगा इसलिए बैंक खुले रहेंगे। अक्टूबर का महीना देश भर में त्योहारों का महीना होता है और राज्य व क्षेत्र के आधार पर कई छुट्टियां होती हैं। ग्राहकों के लिए बेहतर होगा कि वे अपने राज्य की बैंक छुट्टियों की सूची देख लें।
