देश में अब तक करीब 92 करोड़ लगाई गईं कोरोना की वैक्सीन, जानिए केरल में आए कितने नए मामले
Covid 19 in India देश में 201 दिन बाद कोरोना के सक्रिय मामले घटकर ढाई लाख के करीब आ गए हैं जो कुल मामलों का 0.75 फीसद है। पिछले एक दिन में सक्रिय मामलों में 11556 की गिरावट दर्ज की गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोना महामारी की स्थिति में तेजी से सुधार नजर आ रहा है। सात महीने बाद 24 घंटे में सबसे कम 18,346 नए मामले मिले हैं। इनमें अकेले केरल से 9,735 मामले हैं। वहीं, दूसरी ओर देश में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। कोविन पोर्टल के आंकड़ों के मुताबिक देश में कोरोना रोधी वैक्सीन की अब तक 91.97 करोड़ डोज लगाई जा चुकी हैं। इनमें 66.69 करोड़ पहली और 25.27 करोड़ दूसरी डोज शामिल हैं। मंगलवार शाम छह बजे तक कुल 55.15 लाख डोज लगाई गईं।
देश में 201 दिन बाद कोरोना के सक्रिय मामले घटकर ढाई लाख के करीब आ गए हैं, जो कुल मामलों का 0.75 फीसद है। पिछले एक दिन में सक्रिय मामलों में 11,556 की गिरावट दर्ज की गई है। वैसे, कोविड19इंडिया.ओआरजी पोर्टल के मुताबिक सक्रिय मामलों की संख्या ढाई लाख से नीचे आ गई है।
केरल में पिछले 24 घंटों के अंदर 9,735 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं। इस दौरान 13,878 लोग संक्रमण से ठीक हुए हैं और 151 लोगों की मौत हुई है। मंगलवार शाम केरल के स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले 1 लाख 24 हजार 441 (1,24,441) हैं। कोरोना से मरने वालों की संख्या 25 हजार 677 (25,677) है। पिछले 24 घंटों में 93,202 नमूनों की जांच की गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से मंगलवार को सुबह आठ बजे अपडेट किए गए आंकड़ों के मुताबिक पिछले एक दिन में 263 लोगों की मौत हुई है। पिछले 10 दिनों से नए मामले 30 हजार से नीचे बने हुए थे। अब इनकी संख्या 20 हजार से नीचे आ गए है। मरीजों के उबरने की दर में भी लगातार सुधार हो रहा है और मृत्युदर पूर्व की स्थिति पर बनी हुई है। साप्ताहिक और दैनिक संक्रमण दर भी दो फीसद से नीचे है।
कोरोना से संबंधित प्रमुख आंकड़े
24 घंटे में नए मामले 18,346
कुल सक्रिय मामले 2,52,902
24 घंटे में टीकाकरण 72.51 लाख
कुल टीकाकरण 91.97 करोड़
मंगलवार सुबह 08:00 बजे तक कोरोना की स्थिति
नए मामले 18,346
कुल मामले 3,38,53,048
सक्रिय मामले 2,52,902
मौतें (24 घंटे में) 263
कुल मौतें 4,49,260
ठीक होने की दर 97.93 फीसद
मृत्यु दर 1.33 फीसद
पाजिटिविटी दर 1.63 फीसद
सा.पाजिटिविटी दर 1.66 फीसद
जांचें (सोमवार) 11,41,642
कुल जांचें 57,53,94,042
मंगलवार शाम 06:00 बजे तक किस राज्य में कितने टीके
उत्तर प्रदेश 7.47 लाख
गुजरात 4.49 लाख
बिहार 4.36 लाख
महाराष्ट्र 4.10 लाख
पंजाब 1.83 लाख
राजस्थान 1.82 लाख
दिल्ली 1.52 लाख
जम्मू-कश्मीर 1.06 लाख
छत्तीसगढ़ 1.05 लाख
हरियाणा 0.98 लाख
मध्य प्रदेश 0.93 लाख
झारखंड 0.85 लाख
हिमाचल 0.29 लाख
उत्तराखंड 0.28 लाख
(कोविन पोर्टल के आंकड़े)