विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: हमले के बाद TMC नेता अनुब्रत मंडल की बढ़ी सुरक्षा, राज्य सरकार ने दिया सशस्त्र बॉडीगार्ड

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:11 PM (GMT+05:30)

बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद हटाई गई सुरक्षा के कुछ समय बाद तृणमूल नेता अनुब्रत मंडल को राज्य सरकार ने फिर सशस्त्र बॉडीगार्ड दिया है।

अनुब्रत मंडल को राज्य सरकार ने फिर सशस्त्र बॉडीगार्ड दिया

अनुब्रत मंडल को राज्य सरकार ने फिर सशस्त्र बॉडीगार्ड दिया

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में सत्ता परिवर्तन के बाद सुरक्षा हटाए जाने के कुछ समय बाद तृणमूल कांग्रेस नेता अनुब्रत मंडल को राज्य सरकार की ओर से फिर सशस्त्र बाडीगार्ड दिया गया है।

सिउड़ी स्थित तृणमूल के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की घटना के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है। अनुब्रत ने शुक्रवार को बताया कि उनके पास पहले से दो निजी सुरक्षाकर्मी हैं और राज्य सरकार की ओर से शुक्रवार सुबह से एक बाडीगार्ड तैनात किया गया है।

अनुब्रत मंडल को मिली सुरक्षा 

हालांकि, इस संबंध में जिला पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। पिछले सप्ताह विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद अनुब्रत पहली बार सिउड़ी के पुराने बस स्टैंड के पास स्थित तृणमूल कार्यालय पहुंचे थे।

इसी दौरान तीन युवक पेड़ की मोटी डाल और लाठियां लेकर कार्यालय में घुस गए। आरोप है कि उन्होंने एसी, कांच की खिड़कियों, मेज-कुर्सियों और अनुब्रत के सामने रखी कांच की मेज में तोड़फोड़ की।

अनुब्रत को धमकी दिए जाने का भी आरोप लगा। घटना के बाद पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया था। उस समय पुलिस की गाड़ी उन्हें बोलपुर तक एस्कार्ट करके ले गई थी।

भाजपा ने सुरक्षा पर उठाए सवाल

तृणमूल शासन के दौरान अनुब्रत मंडल को राज्य सरकार की ओर से सुरक्षा मिली हुई थी। राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद यह सुरक्षा हटा ली गई थी और उनके पास निजी सुरक्षाकर्मी ही रह गए थे।

अब नई सरकार की ओर से सशस्त्र बाडीगार्ड दिए जाने पर भाजपा के बोलपुर संगठनात्मक जिला अध्यक्ष श्यामापद मंडल ने सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यालय में विरोध-प्रदर्शन की घटना पहले से तय नाटक थी।

उन्होंने कहा कि अनुब्रत को सुरक्षा मिली है या नहीं, इसकी जानकारी पुलिस ही दे सकती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि इस सुरक्षा का आम लोगों के लिए कोई महत्व नहीं है।