आंध्र प्रदेश: विशाखापट्टनम के एक घर में फटा गैस सिलेंडर, 6 लोग घायल
घरों में गैस सिलेंडर जैसी घातक वस्तु को लेकर अधिक सावधानी न बरतने पर विस्फोट जैसी घटना सामने आती है। विशाखापत्तनम में आज सब्बावरम के एक घर में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में छह लोग घायल हो गए हैं।
विशाखापट्टनम, एएनआइ। आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आज सब्बावरम के एक घर में हुए गैस सिलेंडर विस्फोट में छह लोग घायल हो गए हैं। विस्फोट में घर के कुछ हिस्सों को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। बता दें कि घरों में गैस सिलेंडर जैसी घातक वस्तु को लेकर अधिक सावधानी न बरतने पर ऐसे मामले सामने आते रहे हैं।
इसके अलावा हाल ही में गैस सिलेंडर को लेकर खबरों में उत्तर प्रदेश के महराजगंज भी है, जहां सिसवा कस्बा स्थित प्रेम चित्र मंदिर रोड पर शुक्रवार को एक चाय की दुकान में रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई। जिसे लोगों की सक्रियता से तत्काल बुझा लिया गया। जिससे बड़ा हादसा होने से बच गया। आग लगने के दौरान अफरातफरी का माहौल रहा। सिसवा कस्बा स्थित प्रेम चित्र मंदिर मार्ग पर ओमप्रकाश की चाय की दुकान है। शुक्रवार की दोपहर में दुकान में लगे गैस सिलेंडर में अचानक आग पकड़ लिया। आग लगने से लोगों में अफरातफरी मच गई। इस दौरान रमेश नाम के युवक ने कई अन्य लोगों की सहायता से आग पर काबू पाया। जिससे बड़ा हादसा होते होते बच गया।
वहीं, आज बिहार के बक्सर में नावानगर थाना क्षेत्र के अतिमी गांव में गुरुवार की शाम फागु राम के घर मे गैस सिलेंडर से आग लग गई। जिसमें घर में रखा खाने का समान सही दैनिक उपयोग का सारा सामान राख हो गया। घटना स्थल के प्रत्यदर्शियों के अनुसार फागु राम द्वारा गुरुवार को गैस सिलेंडर भरवाकर लाए थे। खाना बनाने के लिए ज्योंहि चूल्हा का कनेक्शन कर लाइटर जलाया की घर मे आग लग गया। आग शाम पांच बजे से 6 बजे तक जलता रहा। ग्रामीणों ने काफी प्रयास किया, लेकिन आग बुझाने में असफल रहे। सिलेंडर का गैस खत्म होने के बाद ग्रामीणों ने घर में लगी आग को बुझाया। आग से घर मे रखा सारा जलकर राख होने से पीड़ित परिवार के समक्ष रोजी-रोटी की समस्या उत्पन्न हो गई।