आंध्र प्रदेश में बेटी के साथ दुष्कर्म की बात सुनकर भड़के पिता ने एक परिवार के 6 लोगों को उतारा मौत के घाट
आंध्र प्रदेश में बेटी के साथ दुष्कर्म की बात सुनकर उसके पिता इतना भड़क गए कि उन्होंने एक परिवार के 6 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने बताया कि कथित दुष्कर्म आरोपित फरार है और मामले की जांच की जा रही है।
हैदराबाद, एएनआइ। आंध्र प्रदेश से गुरुवार को खौफनाक खबर सामने आई है। विशाखापटनम जिले के जट्टादा गांव में एक शख्स ने एक ही परिवार के छह सदस्यों को मौत के घाट उतार दिया। दरअसल, मृतक परिवार के एक सदस्य ने कथित तौर पर हत्या के आरोपी की बेटी से दुष्कर्म किया था। इसकी जानकारी मिलने से भड़के पिता ने इस घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने बताया कि कथित दुष्कर्म आरोपित फरार है और मामले की जांच की जा रही है। खौफनाक वारदात की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बताया जा रहा है कि मृतक परिवार के एक सदस्य ने कथित तौर पर हत्या के आरोपी की बेटी से दुष्कर्म किया था और इसकी जानकारी मिलते ही पीड़िता का पिता पर पागलपन सवार हुआ और गुस्से से पिता ने इस वारदात को अंजाम दिया है।
भागलपुर में बीए की छात्रा के साथ दुष्कर्म
बता दें कि देश एक तरफ कोरोना से जूझ रहा है वहीं दुष्कर्म जैसी घटनाओं पर भी लगाम लगता नहीं दिख रहा है। आए दिन देश के किसी ना किसी कोने से दुष्कर्म की खबरें आती रही है। हाल ही में आंध्र प्रदेश के अलावा बिहार के भागलपुर में बीए की छात्रा को अपराधी देर रात घर से उठा ले गए, जिसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं दरिंदों ने दुष्कर्म के बाद पीड़िता की गोली मार कर हत्या कर दी। मामला नवगछिया टाउन थाने का था। अपराधियों ने शव को पास के लीची बगीचे में फेंक दिया था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।
पीलीभीत में दिव्यांग के साथ दुष्कर्म
इसके अलावा दो दिन पहले यूपी के पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के गांव में देर रात घर में घुसकर दिव्यांग युवती से गांव के ही युवक ने दुष्कर्म किया। फिर युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। प्राथमिक जांच में पुलिस घटना को संदिग्ध मान रही है।