सौर ऊर्जा से जगमग होंगे अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप, अमित शाह ने कहा- दिल्ली से दूर हैं मगर दिल के पास
केंद्र सरकार का लक्ष्य है कि अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप द्वीप समूहों में सभी घरों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से लैस किया जाए जिससे ये द्वीप समूह पूरी तरह से सौर ऊर्जा पर जगमग हों। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि ये द्वीप भले ही दिल्ली से दूर हों मगर हमारे दिल के पास हैं और यहां का विकास मोदी सरकार की प्राथमिकता में है।

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। अंडमान-निकोबार और लक्षद्वीप के द्वीप अब सौर ऊर्जा से जगमग होंगे। केंद्रीय गृह व सहकारिता मंत्री अमित शाह ने द्वीप विकास एजेंसी की सातवीं बैठक में इन द्वीप समूहों में सभी घरों को शत-प्रतिशत सौर ऊर्जा से लैस करने पर जोर दिया।
शाह ने कहा कि सोलर पैनल के साथ-साथ पवन चक्कियों के जरिये इन द्वीप समूहों को ऊर्जा के लिए आत्मनिर्भर बनाया जा सकता है। उन्होंने नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय से दोनों द्वीप समूहों में 'पीएम सूर्य घर' योजना के तहत सभी घरों में सौर ऊर्जा के पैनल लगाए जाने को कहा।
दिल्ली से दूर, मगर हमारे दिल के पास हैं: शाह
अमित शाह ने कहा कि ये द्वीप भले ही दिल्ली से दूर हों, मगर हमारे दिल के पास हैं और यहां के आधारभूत ढांचे का विकास और पर्यटन सुविधाएं बढ़ाना मोदी सरकार की प्राथमिकता में है। उनके अनुसार मोदी सरकार इन द्वीपों की संस्कृति और विरासतों का संरक्षण करते हुए यहां विकास कार्यों को गति दे रही है।
बैठक में शाह ने अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में जारी विकास कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान गृह मंत्रालय, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह प्रशासन और लक्षद्वीप प्रशासन ने दोनों द्वीप समूहों में डिजिटल और एयर कनेक्टिविटी तथा पोर्ट डेवलपमेंट सहित अन्य विकास परियोजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
योजनाओं को जल्द पूरा करने का निर्देश
शाह ने कहा कि इन द्वीप समूहों में पर्यटन, व्यापार और अन्य विकास परियोजनाओं पर संबंधित मंत्रालयों को मिलकर काम करना चाहिए। बैठक के दौरान शाह ने सभी लंबित मुद्दों और परियोजनाओं को जल्द से जल्द पूरा करने का दिशा-निर्देश दिया। बैठक में अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के उपराज्यपाल एडमिरल (सेवानिवृत) डीके जोशी, लक्षद्वीप के प्रशासक प्रफुल्ल पटेल, गृह सचिव गोविंद मोहन सहित विभिन्न मंत्रालयों के सचिव एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।