Amritsar Blast: बम धमाके से दहला अमृतसर, जानिए हमले से जुड़ी 10 बड़ी बातें
Amritsar Blast में ग्रेनेड हमले में 3 की मौत, 20 से अधिक घायल, हमले के पीछे आतंकी मूसा के हाथ होने की आशंका है।
By Arti YadavEdited By: Published: Sun, 18 Nov 2018 02:49 PM (IST)Updated: Sun, 18 Nov 2018 02:54 PM (IST)
नई दिल्ली/ अमृतसर, जेएनएन। पंजाब के अमृतसर के राजासांसी क्षेत्र के आदिवाल गांव में बम धमाका किया गया है। इस विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई है और 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राजासांसी गांव के निरंकारी भवन में रविवार दोपहर को नकाबपोश मोटरसाइकल सवारों ने ग्रेनेड से अटैक किया, जिसके बाद वहां जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के बाद इलाके में अफरातफरी का माहौल बना हुआ है। आइए जानते हैं धमाके से जुड़ी 10 बड़ी बातें...
- बम धमाका करीब 12 बजे हुआ। धमाका उस समय हुआ जब निरंकारी भवन में सत्संग चल रहा था। इसी दौरान तीन युवकों ने मंच पर बम फेंक दिया। इसमे तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 20 से अधिक लोग घायल हो गए। फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स मौके पर पहुंच गए हैं और जांच जारी है।
- घायलों को पास के सिविल अस्पताल और अमृतसर के गुरु नानकदेव अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। पंजाब सरकार ने हमले में मारे गए लोगों के परिवार को पांच लाख का मुआवजा देने की घोषणा की है। साथ ही घायलों का मुफ्त इलाज किया जाएगा।
- बम धमाके में कश्मीरी आतंकी जाकिर मूसा का हाथ होने की भी आशंका जताई जा रही है। खुफिया रिपोर्ट के मुताबिक जाकिर मूसा अपने साथियों के साथ अमृतसर में देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने जाकिर मूसा के फोटो वाले पोस्टर लगाए गए थे। इससे साथ ही पठानकोट के पास कुछ लोगों ने एक इनोवा कार छीन ली थी। अब तक उस कार और उसे छीनने वालों का भी पता नहीं चला है।
- कश्मीर में ऑपरेट करने वाला आतंकी जाकिर मूसा हाल में पंजाब के अमृतसर में देखा गया था। पंजाब से उसकी एक तस्वीर भी वायरल हुई थी। इंटेलिजेंस ब्यूरो को इनपुट मिला है कि जाकिर मूसा ग्रुप के सात आतंकी फिरोजपुर आए थे, इन आतंकियों को अमृतसर में भी देखा गया था।
- इस धमाके के बाद देश की राजधानी दिल्ली और नोएडा सहित अन्य आसपास के इलाकों में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। दिल्ली स्थित निरंकारी भवन की भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा एजेंसियां इन आतंकियों के दिल्ली की ओर बढ़ने की आशंका जता चुकी हैं।
- खुफिया एजेंसियों ने गुरुवार को ही दिल्ली पुलिस को इनपुट भेजा था कि कश्मीर का खूंखार आतंकी जाकिर मूसा अपने साथियों के साथ पंजाब के रास्ते दिल्ली या एनसीआर में पनाह ले सकता है।
- आम लोगों से कहा गया है कि जैसे ही इन आतंकियों के बारे में कोई भी संदिग्ध जानकारी मिलने पर पुलिस को बताएं। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां फिलहाल आज हुए धमाके की जांच कर रही हैं और आतंकियों की तलाश के लिए नाकाबंदी कर दी गई है।
- राजासांसी गांव स्थित निरंकारी भवन में रविवार को श्रद्धालुओं का जमावड़ा लगता है और रविवार को यहां बड़ी तादाद में श्रद्धालु जुटते हैं। शायद हमलावरों ने इसी वजह से इस धमाके को अंजाम दिया। अमृतसर रेलवे स्टेशन से संत निरंकारी भवन की दूरी 13.5 किलोमीटर है। अदलीवाला रोड पर स्थित निरंकारी भवन जाने वाले रास्तों पर सीसीटीवी कैमरे भी नहीं है। लिहाजा पुलिस को सुराग इकट्ठा करने में परेशानी हो रही है।
- संत निरंकारी मिशन एक आध्यात्मिक संस्था है। इसका मुख्यालय दिल्ली में स्थित है। संत निरंकारी मिशन खुद को न तो कोई नया धर्म मानते हैं और न ही किसी मौजूदा धर्म का हिस्सा, बल्कि वे खुद को मानव कल्याण के लिए समर्पित एक आध्यात्मिक आंदोलन के तौर पर देखते हैं।
- मिशन की नींव निरंकारी आंदोलन से पड़ी जिसकी शुरुआत बाबा दयाल सिंह ने की थी, लेकिन वे बहुत लंबे समय तक इससे जुड़े नहीं रहे। 1929 में इसकी स्थापना बाबा दयाल सिंह ने की। रुढ़िवादी सिख समुदायों ने इसका विरोध किया था।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें