UCC पर अमित शाह को मिला TDP और शिवसेना का साथ, JDU का भी आया जवाब
NDA के प्रमुख सहयोगी TDP और शिवसेना ने गृह मंत्री अमित शाह के सभी राजग-शासित राज्यों में यूसीसी लागू करने ...और पढ़ें

HighLights
तेदेपा और शिवसेना ने यूसीसी पर अमित शाह का समर्थन किया।
जदयू ने यूसीसी बिल का अध्ययन करने की बात कही।
यूसीसी 2029 तक राजग-शासित राज्यों में लागू होगा।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। राजग के प्रमुख सहयोगियों तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और शिवसेना ने गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान का समर्थन किया है कि सभी राजग-शासित राज्यों में 2029 से पहले एक समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू की जाएगी।
हालांकि भाजपा के सहयोगी जदयू ने सतर्क प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने कहा कि वह यूसीसी बिल का अध्ययन करेगी और बिना किसी कारण विरोध नहीं किया जाएगा।
लोकसभा में तेदेपा के 16 , शिवसेना के 13 और जदयू के 12 सदस्य हैं और इनका समर्थन नरेंद्र मोदी सरकार के लिए अहम है। तेदेपा आंध्र प्रदेश में जन सेना और भाजपा के साथ सत्ता में है तो बिहार में भाजपा जदयू के साथ तो महाराष्ट्र में शिवसेना के साथ सत्ता में है।
तेदेपा के आंध्र प्रदेश अध्यक्ष पी श्रीनिवास राव ने कहा कि वे गृह मंत्री शाह के यूसीसी पर बयान से सहमत हैं। उन्होंने कहा कि यूसीसी देश की एकता को मजबूत करता है और इसमें लिंग भेदभाव नहीं है।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने यूसीसी मुद्दे पर शाह का समर्थन करते हुए कहा कि शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे ने समान कानून की परिकल्पना की थी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि जदयू यूसीसी बिल का अध्ययन करेगा और यदि प्रावधान अस्वीकार्य नहीं हैं तो बिना कारण इसका विरोध नहीं करेगा।
सोर्स- पीटीआई के इनपुट के साथ
