पिछले पांच महीनों में राज्यों 22 हजार से अधिक 'मेक इन इंडिया' वेंटिलेटर मुहैया कराए गए- केंद्र सरकार
केंद्र सरकार ने पिछले पांच महीनों में राज्यों केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को 3.04 करोड़ से अधिक एन 95 मास्क और 1.28 करोड़ से अधिक पीपीइ किट वितरित किए हैं।
नई दिल्ली, आइएएनएस। केंद्र सरकार ने पिछले पांच महीनों में राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को 3.04 करोड़ से अधिक एन 95 मास्क और 1.28 करोड़ से अधिक पीपीइ किट वितरित किए हैं। इसके अलावा 22 हजार से अधिक 'मेक इन इंडिया' वेंटिलेटर भी मुहैया कराए गए हैं। केंद्र ने कोरोना वायरस (COVID-19) महामारी से लड़ने के लिए हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत किया है और प्रभावी रूप से इसका प्रबंधन किया है।
महामारी से लड़ने के प्रयास में कोविड-19 सुविधाओं को बढ़ाने के साथ साथ केंद्र सरकार ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मुफ्त में चिकित्सा आपूर्ति प्रदान कर रही है। सरकार ने कहा कि 11 मार्च 2020 के बाद से केंद्र सरकार ने राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय संस्थानों को 3.04 करोड़ से अधिक एन 95 मास्क और 1.28 करोड़ से अधिक पीपीइ किट वितरित किए हैं। साथ ही, 10.83 करोड़ से अधिक एचसीक्यू टैबलेट उन्हें वितरित किए गए हैं। इसके अलावा, 22,533 'मेक इन इंडिया' वेंटिलेटर वितरित किए गए हैं और उनकी इंस्टॉलेशन और कमीशनिंग भी सुनिश्चित की जा रही है।
अधिकांश उत्पाद शुरुआत में देश में निर्मित नहीं होते थे
भारत सरकार द्वारा आपूर्ति किए जाने वाले अधिकांश उत्पाद शुरुआत में देश में निर्मित नहीं किए जा रहे थे। महामारी के चलते वैश्विक मांग बढ़ी और विदेशी बाजारों में इनकी उपलब्धता में कमी आ गई । परिणामस्वरूप, इन्हें देश में ही बनाने का काम शुरू हो गया। इससे 'आत्मनिर्भर भारत' और 'मेक इन इंडिया' के लिए संकल्प मजबूत हुए हैं। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को केंद्र सरकार द्वारा की गई अधिकांश आपूर्ति घरेलू स्तर पर निर्मित हैं।
संयुक्त प्रयासों से घरेलू उद्योग प्रोत्साहित हुआ
स्वास्थ्य मंत्रालय, कपड़ा मंत्रालय, फार्मास्युटिकल मंत्रालय और रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) समेत अन्य के संयुक्त प्रयासों से घरेलू उद्योग प्रोत्साहित हुआ और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों जैसे पीपीइ, एन 95 मास्क, वेंटिलेटर, आदि का निर्माण और आपूर्ति शुरू हुई।