विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Air India ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज: 18 हजार रुपए तक महंगी हो जाएगी टिकट, इन्हें मिलेगा फायदा

Published: Tue, 10 Mar 2026 11:30 PM (IST)Updated: Tue, 10 Mar 2026 11:43 PM (IST)

एयर इंडिया समूह ने खाड़ी क्षेत्र में भू-राजनीतिक संकट के कारण विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के चलते घरेलू और ...और पढ़ें

वर्तमान में एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी उड़ानों पर कोई फ्यूल सरचार्ज नहीं लेती है

वर्तमान में एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी उड़ानों पर कोई फ्यूल सरचार्ज नहीं लेती है

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। खाड़ी क्षेत्र में जारी भू-राजनीतिक संकट के कारण विमान ईंधन की कीमतों में आई तेज बढ़ोतरी का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर पड़ने वाला है। एअर इंडिया समूह ने अपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर चरणबद्ध तरीके से फ्यूल सरचार्ज बढ़ाने का निर्णय लिया है।

इसके तहत 12 मार्च 2026 से नई बुकिंग कराने वाले यात्रियों को टिकट के लिए अधिक कीमत चुकानी पड़ेगी। घरेलू उड़ानों पर प्रति टिकट 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अधिकतम 200 अमेरिकी डॉलर (लगभग 18324 रुपये) तक सरचार्ज लागू करने का फैसला किया गया है।

अन्य एयरलाइन भी बढ़ाएंगी किराया

माना जा रहा है कि एअर इंडिया के इस फैसले के बाद अन्य एयरलाइंस कंपनियां भी अपने किराए में बढ़ोतरी कर सकती हैं। एअर इंडिया के अनुसार मार्च 2026 की शुरुआत से ही एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में तेज वृद्धि दर्ज की गई है। विमानन कंपनियों के कुल परिचालन खर्च का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा एटीएफ पर खर्च होता है।

भारत में दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े महानगरों में एटीएफ पर लगने वाले अधिक उत्पाद शुल्क और वैट के कारण यह लागत और बढ़ जाती है, जिससे एयरलाइनों पर अतिरिक्त आर्थिक दबाव पड़ रहा है।तीन चरणों में लागू होगी बढ़ोतरी कंपनी के मुताबिक फ्यूल सरचार्ज को तीन चरणों में लागू किया जाएगा और यह सभी उड़ानों पर लागू होगा, जिनमें एअर इंडिया एक्सप्रेस द्वारा संचालित उड़ानें भी शामिल हैं।

399 रुपये से शुरू होगा सरचार्ज

वर्तमान में एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी उड़ानों पर कोई फ्यूल सरचार्ज नहीं लेती है। पहले चरण में घरेलू उड़ानों और सार्क देशों के लिए प्रति टिकट 399 रुपये का फ्यूल सरचार्ज लगाया जाएगा, जबकि पहले यह शुल्क नहीं लिया जाता था। पश्चिम एशिया या मध्य पूर्व की उड़ानों पर 10 अमेरिकी डॉलर का नया सरचार्ज लागू किया जाएगा।

दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए फ्यूल सरचार्ज 40 से बढ़ाकर 60 डॉलर कर दिया गया है, जबकि अफ्रीका जाने वाली उड़ानों पर यह 60 से बढ़ाकर 90 डॉलर कर दिया गया है। सिंगापुर की उड़ानों पर भी अब फ्यूल सरचार्ज लागू किया जाएगा।

दूसरा चरण 18 मार्च 2026 से नई बुकिंग पर लागू होगा। इसके तहत यूरोप जाने वाली उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज 100 डॉलर से बढ़ाकर 125 डॉलर कर दिया जाएगा। वहीं उत्तर अमेरिका और आस्ट्रेलिया की उड़ानों पर यह 150 से बढ़ाकर 200 डॉलर कर दिया जाएगा।इसके बाद तीसरा चरण लागू किया जाएगा। हांगकांग, जापान और दक्षिण कोरिया जैसे सुदूर पूर्वी बाजारों के लिए तीसरे चरण में फ्यूल सरचार्ज लागू किया जाएगा, जिसकी घोषणा बाद में की जाएगी।

पहले बुक टिकट रहेंगे अप्रभावित

एअर इंडिया ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय से पहले जारी किए गए टिकटों पर यह नया सरचार्ज लागू नहीं होगा। हालांकि यदि यात्री टिकट की तारीख या यात्रा कार्यक्रम में बदलाव करते हैं तो किराए की दोबारा गणना के साथ नया सरचार्ज लागू हो सकता है।

यह भी पढ़ें- मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच इंडिगो फ्लाइट का यू-टर्न, इथियोपिया सीमा से लौटी वापस