यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 17, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
MP News: लैंडिंग के दौरान एअर इंडिया के विमान में लगे जोरदार झटके, बाहर आईं लाइफ जैकेट
राजमाता विजयाराजे सिंधिया एअरपोर्ट ग्वालियर पर शनिवार दोपहर बड़ा विमान हादसा टल गया। बेंगलुरु से ग्वालियर पहुंचे एअर इंडिया के ...और पढ़ें

HighLights
- ग्वालियर एअरपोर्ट पर तेज झटके लगने पर पायलट ने नहीं उतारा विमान
- दूसरे प्रयास में असामान्य गति से रनवे पर विमान, खतरनाक लैंडिंग हुई
- यात्री बोले- विमान की दाहिनी विंग का एक हिस्सा ढंग से नहीं खुला, नहीं नियंत्रित हुई स्पीड
जेएनएन, ग्वालियर। राजमाता विजयाराजे सिंधिया एअरपोर्ट ग्वालियर पर शनिवार दोपहर बड़ा विमान हादसा टल गया। बेंगलुरु से ग्वालियर पहुंचे एअर इंडिया के बोइंग 92742 विमान में लैंडिंग के वक्त जोरदार झटके लगने लगे। पायलट ने तुरंत ही विमान को उतरने से रोक लिया।
लैंडिंग काफी खतरनाक थी
कुछ ही पलों बाद पायलट ने दोबारा विमान उतारने की कोशिश की तो पहले प्रयास के मुकाबले कहीं ज्यादा तेज झटके लगे। इस दौरान विमान के यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। लैंडिंग इतनी खतरनाक थी कि सीटों से लाइफ जैकेट तक बाहर आ गईं।
रनवे को टच करते ही विमान झटका खाने लगा
विमान शनिवार सुबह 10 बजकर 50 मिनट पर बेंगलुरु से रवाना होकर दो बजकर 30 मिनट पर ग्वालियर एयरपोर्ट पर पहुंचा। लैंडिंग के समय रनवे को टच करते ही विमान झटका खाने लगा। पायलट ने तुरंत ही विमान को टेकऑफ कर लिया।
दाहिनी विंग का एक हिस्सा ढंग से नहीं खुला
कुछ मिनट बाद दोबारा उतरते समय भी विमान असामान्य गति से रनवे पर आया। यात्रियों के अनुसार तेज झटके लगे। यात्रियों का कहना है कि लैंडिंग के समय विमान की दाहिनी विंग का एक हिस्सा ढंग से नहीं खुला, जिससे स्पीड नियंत्रित नहीं हो पाई।
एक यात्री ने आरोप लगाया कि विमान की गति बेहद तेज थी और बिल्कुल भी स्मूथ लैंडिंग नहीं हुई। यात्रियों का कहना है कि क्रू और पायलट की ओर से न तो किसी तरह का ऐलान किया गया और न ही स्थिति को लेकर जानकारी दी गई। इस कारण घबराहट और बढ़ गई।
एअरपोर्ट अथारिटी से शिकायत कर मांगा जवाब
घटना के बाद यात्रियों ने एअरपोर्ट अथारिटी को लिखित शिकायत दी और एअर इंडिया से जवाब मांगा। यात्रियों ने मांग की है कि जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए। उल्लेखनीय है कि एयर इंडिया पहले से अहमदाबाद हादसे को लेकर आलोचना झेल रही है। 12 जून को एयर इंडिया का बोइंग विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था, जिसमें 242 यात्रियों की मौत हुई थी।
पहली बार लैंडिग में दिक्कत आने पर एयर इंडिया की बोइंग की दोबारा लैडिंग सुरक्षित तरीके से कराई गई। इस बीच यात्रियों में अफरा-तफरी की स्थिति जरूर बन गई थी।- एके गोस्वामी, एअरपोर्ट डायरेक्टर
