Vande Bharat Mission: यूक्रेन से 101 यात्रियों की वतन वापसी, एयर इंडिया फ्लाइट्स से इंदौर आए यात्री
यूक्रेन में फंसे 101 भारतीय को एयर इंडिया फ्लाइट्स से इंदौर वापसी हुई है। मंगलवार को वंदे भारत मिशन के तहत इन लोगों की वतन वापसी हुई है।
मध्य प्रदेश, एएनआइ। यूक्रेन में फंसे 101 भारतीय को एयर इंडिया फ्लाइट्स से इंदौर वापसी हुई है। मंगलवार को वंदे भारत मिशन के तहत इन लोगों की वतन वापसी हुई है। फ्लाइट आज सुबह 5:15 बजे इंदौर के देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट पर उतरी। इसके अलावा आज पाकिस्तान से भी पांच भारतीय की वतन वापसी हुई है।
कोरोना वायरस नोडल अधिकारी डॉ. अमित मालाकार ने कहा, "हवाई अड्डे पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सभी यात्रियों की प्रारंभिक जांच की, किसी भी यात्री में कोरोना के कोई लक्षण नहीं पाए गए।"उन्होंने कहा, "इन यात्रियों में 20 यात्री इंदौर के हैं, जिन्हें एक होटल में रखा जा रहा है। शेष यात्री दूसरे शहरों के हैं। उन्हें उनके मूल स्थानों पर भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
बता दें कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते देश-विदेश में फंसे लोगों की मदद के लिए सरकार की तरफ से हरसंभव कोशिश की जा रही है। इन लोगों की मदद के लिए वंदे भारत मिशन और ऑपरेशन सेतु अभियान चलाया गया था। देश में चलाए गए इस अभियान के जरिये कई देशें में फंसे लोगों की मदद की गई है और उनकी वतन वापसी हुई है।
देश में 9 लाख के पार संक्रमितों का आंकड़ा
इस वक्त देश में अनलॉक 2 की प्रक्रिया चल रही है। ऐसे में धीरे-धीरे लॉकडाउन में छूट प्रदान की जा रही है। वहीं एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं। लॉकडाउन में मिली ढील के बाद से लगातार संक्रमित मामले बढ़ रहे हैं। इस वक्त देश में संक्रमितों का आंकड़ा 9 लाख पार पार गया है वहीं मरनेवालों की संख्या 23,727 तक पहुंच गई है। देश में इस वक्त महाराष्ट्र, तमिलनाडु और दिल्ली सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है। जिस गति से संक्रमितों के मामले बढ़ रहे हैं उसी प्रकार से कोरोना टेस्ट भी हो रहे हैं। इस संक्रमण से मंत्री, अधिकारी तक अछूते नहीं रहे हैं