वायुसेना ने अंडमान में आम नागरिकों के लिए शुरू की हवाई सेवा
वायुसेना का डोर्नियर 228 विमान वहां हफ्ते में दो बार उड़ान भर रहा है। गौरतलब है कि डोर्नियर 228 विमान का अब तक सिर्फ रक्षा बलों के लिए इस्तेमाल होता आया है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। भारतीय वायुसेना ने अभिनव पहल करते हुए अंडमान निकोबार द्वीप समूह में आम नागरिकों के लिए हवाई सेवा शुरू की है। वायुसेना का डोर्नियर 228 विमान वहां हफ्ते में दो बार उड़ान भर रहा है। गौरतलब है कि डोर्नियर 228 विमान का अब तक सिर्फ रक्षा बलों के लिए इस्तेमाल होता आया है। आपात स्थिति में ही इसे आम नागरिकों के लिए इस्तेमाल में लाया जाता है। यह पहला मौका है जब आम नागरिक वायुसेना के इस विशेष विमान में उड़ान भर पा रहे हैं।
वायुसेना की ही एक क्रू टीम पोर्ट ब्लेयर, कार निकोबार एवं कैंपबेल बे के बीच इसका परिचालन कर रही है। मालूम हो कि पवन हंस हेलीकॉप्टर कैंपबेल बे के कुछ द्वीपों में हवाई सफर का साधन है। इस केंद्र शासित प्रदेश के लेफ्टिनेंट गवर्नर लेफ्टिनेंट कर्नल एके सिंह (सेवानिवृत्त) ने बताया कि कार निकोबार के लिए एयर इंडिया की विस्तारित उड़ान हाल में हटा ली गई है क्योंकि उसका लीज समाप्त हो गया है।
पढ़ेंः सातवां वेतन आयोग : नौ हजार होगी रिटायर केंद्रीय कर्मचारियों की न्यूनतम पेंशन
इसे देखते हुए यहां हवाई सफर को बेहतर करने के लिए रक्षा मंत्रालय एवं नागरिक विमानन मंत्रालय से अनुरोध किया गया था। रक्षा मंत्रालय की ओर से आम नागरिकों के इस्तेमाल के लिए यह विमान दिया गया है। हम यात्रियों से हवाई किराया संग्रह कर उड़ान के घंटों के आधार पर वायुसेना को कुछ शुल्क दे रहे हैं। द्वीप समूह के लोगों के लिए टिकट की कीमत सब्सिडी दर पर रखी गई है।
इस विमान में 10 यात्री सफर कर सकते हैं। अंडमान एंड निकोबार कमान ट्राई सर्विस के कर्नल योगेश शर्मा ने बताया कि डोर्नियर 228 विमान को पोर्ट ब्लेयर से कार निकोबार जाने में एक घंटे का समय लगता है। वहां से कैंपबेल बे का हवाई सफर और एक घंटे का है। पूरा सफर 300 किलोमीटर का है। इस नई हवाई सेवा को स्थानीय लोगों की काफी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।
पढ़ेंः पीएम मोदी ने कहा- गोली चलानी है तो मुझ पर चलाएं दलितों पर नहीं