विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एआई विकास धीमा करने की अपील भारी, OpenAI समेत चार कंपनियों पर मुकदमा

Published: Sat, 19 Sep 2026 10:09 PM (IST)

अमेरिका में एंथ्रोपिक, ओपनएआई, स्पेसएक्सएआई और गूगल के खिलाफ एक एंटीट्रस्ट मुकदमा दायर किया गया है।

ओपनएआई समेत चार कंपनियों पर मुकदमा। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

ओपनएआई समेत चार कंपनियों पर मुकदमा। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)

HighLights

  1. अमेरिका में चार एआई कंपनियों पर एंटीट्रस्ट मुकदमा दायर।

  2. एआई विकास धीमा करने के समझौते पर प्रतिस्पर्धा उल्लंघन का आरोप।

  3. ओपनएआई सीईओ सैम ऑल्टमैन यूएन सुरक्षा परिषद में बोलेंगे।

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के तेजी से बढ़ते विकास के बीच इसे कुछ समय के लिए नियंत्रित गति से आगे बढ़ाने की अपील अब कानूनी विवाद में बदल गई है। अमेरिका की संघीय अदालत में एंथ्रोपिक, ओपनएआई, स्पेसएक्सएआई और गूगल के खिलाफ एंटीट्रस्ट मुकदमा दायर किया गया है।

शिकायत में आरोप है कि इन कंपनियों के प्रमुखों ने एआई विकास की रफ्तार सीमित करने के लिए आपसी सहमति जताकर प्रतिस्पर्धा को प्रभावित करने वाला समझौता किया।

मामला कैलिफोर्निया की नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट कोर्ट में दायर किया गया है। विवाद की शुरुआत एंथ्रोपिक के सीईओ डारियो अमोदेई की उस सार्वजनिक अपील से हुई, जिसमें उन्होंने अत्याधुनिक एआई के विकास को नियंत्रित गति से आगे बढ़ाने और सुरक्षा मानकों के लिए उद्योग में समन्वय की बात कही थी।

ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन, स्पेसएक्सएआई के प्रमुख एलन मस्क और गूगल डीपमाइंड के सह-संस्थापक डेमिस हसाबिस ने इस विचार का समर्थन किया था।

मुद्दा सुरक्षा बनाम प्रतिस्पर्धा का

मुकदमे में वादियों का आरोप है कि प्रतिस्पर्धी कंपनियों के बीच इस तरह का सामूहिक निर्णय अमेरिकी शर्मन एक्ट का उल्लंघन हो सकता है। वादी इसे संभावित क्लास-एक्शन मामले में बदलने की मांग भी कर रहे हैं। हालांकि, मुकदमा केवल आरोपों के स्तर पर है और अदालत ने अभी इन आरोपों पर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है।

दिलचस्प यह है कि एआई कंपनियां खुद भी इस कानूनी पेच को लेकर चिंतित रही हैं। ओपनएआई ने हाल में अमेरिकी सांसदों से यह स्पष्ट करने की मांग की थी कि सुरक्षा के लिए उद्योग-व्यापी समन्वय एंटीट्रस्ट कानून के दायरे में आएगा या नहीं।

ऑल्टमैन यूएन सुरक्षा परिषद में रखेंगे बात

एआई के संभावित दुरुपयोग और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर बहस अब संयुक्त राष्ट्र तक पहुंच रही है। ओपनएआई के सीईओ सैम ऑल्टमैन अगले सप्ताह संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की खुली बैठक में एआई और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा पर अपनी बात रखेंगे। बैठक में जिम्मेदार विकास, साझा सुरक्षा मानकों और अंतरराष्ट्रीय समन्वय पर चर्चा की उम्मीद है।

इस बीच, एनवीडिया के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने एआई के विकास को धीमा करने की जरूरत से असहमति जताई है। उन्होंने कहा कि एआई का विकास जितनी तेजी से संभव हो, होना चाहिए और 2030 तक एआई के कारण मानवता के खत्म होने की आशंका को उन्होंने खारिज किया है।

उन्होंने कहा कि इसकी शून्य प्रतिशत आशंका है कि एआई मानव सभ्यता पर हावी हो सकता है। उन्होंने कहा कि लोग एआई कंपनियों की तरफ उम्मीद से देख रहे हैं। उन्हें ये आशंका नहीं है कि हम एआई को अनियंत्रित होने देंगे।

(समाचार एजेंसी एएनआई के इनपुट के साथ)