एक दिन की शांति के बाद सीमा पार से फिर गोलीबारी
गुलाम कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाक सेना भारतीय क्षेत्र में गोलाबारी कर रही है।
जागरण संवाददाता, पुंछ: एक दिन की शांति के बाद पाकिस्तान ने शनिवार को नियंत्रण रेखा पर फिर संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए गोलाबारी की। पुंछ जिले के कृष्णा घाटी सेक्टर में करीब एक घंटे तक मोर्टार से गोले बरसाए, जिसमें सेना का जवान जसपाल सिंह घायल हो गया। भारतीय सेना ने भी मुंहतोड़ जवाब दिया। इस बीच, घायल जवान को उपचार के लिए कमान अस्पताल ऊधमपुर रेफर कर दिया गया है।
गौरतलब है कि गुरुवार दोपहर के बाद से पाक सेना ने राजौरी, पुंछ व जम्मू में गोलीबारी नहीं की थी, लेकिन शनिवार सुबह फिर उसने बंदूकों के मुंह खोल दिए। गुलाम कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाक सेना भारतीय क्षेत्र में गोलाबारी कर रही है। अब तक राजौरी-पुंछ में गोलाबारी में भरतीय सेना के पांच जवान व छह नागरिक घायल हो चुके हैं।
पाक सेना ने तैनात किये शार्प शूटर
पाक सेना ने अपनी अग्रिम चौकियों पर स्नाइपर राइफल के साथ शार्ट शूटर तैनात कर दिए हैं। स्नाइपर राइफल से एक किलोमीटर की दूरी तक आसानी से निशाना लगाया जा सकता है और यह निशाना पूरी तरह से स्टीक होता है। सूत्रों ने बताया कि सीमा पर शनिवार सुबह पाक सेना ने जब संघर्ष विराम का उल्लंघन किया तो इस दौरान स्नाइपर राइफल से भी कई गोलियां दागी गई। सिपाही जसपाल सिंह को भी स्नाइपर राइफल की ही गोली लगी है।
पढ़ें- PoK में सर्जिकल स्ट्राइक की सेना की रणनीति पर हावी नहीं होगी राजनीति