आतंकी अफजल ने किया था संसद पर हमला, बेटा 12वीं में लाया 88.2% अंक
गालिब गुरु 12वीं क्लास में 88.2 फीसदी अंकों से पास हुआ है। 17 वर्षीय गालिब को 500 में से 441 नम्बर मिले हैं।
श्रीनगर, पीटीआई। जम्मू-कश्मीर के बोर्ड एग्जाम का रिजल्ट घोषित कर दिया गया है। 12वीं क्लास में कई बच्चे अच्छे अंक से पास हुए तो कुछ फेल भी हुए। लेकिन, इन सब के बीच एक नाम की चर्चा ज्यादा है और वो है आतंकी अफजल गुरु का बेटा गालिब गुरु। गालिब 12वीं क्लास में 88.2 फीसद अंकों से पास हुआ है। 17 वर्षीय गालिब को 500 में से 441 नम्बर मिले हैं। गालिब गुरु को पर्यावरण विज्ञान में 94, रसायन विज्ञान में 89, भौतिक विज्ञान में 87, जीव-विज्ञान में 85 और सामान्य अंग्रेजी में 86 अंक हासिल हुए।
दो साल पहले 10वीं की परीक्षा में भी गालिब अच्छे अंकों से पास हुआ था। साल 2013 में हुई 10वीं की परीक्षा में उसे 95 फीसद नंबर मिले थे। गालिब ने परीक्षा में 500 में से 474 नंबर हासिल किए थे।
जम्मू कश्मीर राज्य बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (जेकेबोएसई) के परिणाम गुरुवार सुबह घोषित किए गए। अधिकारियों के मुताबिक, नवंबर में हुई परीक्षा में 55,163 में से 33,893 बच्चे पास हुए हैं। कुल 61.44 फीसदी बच्चों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। 12वीं के बोर्ड एग्जाम में 64.31 लड़कियां और 58.92 लड़के पास हुए हैं।
बता दें 13 दिसंबर 2001 में संसद में हुए हमले में अफजल गुरु को दोषी पाया गया था। 9 फरवरी 2013 में उसे फांसी पर लटका दिया गया था। इस हमले में दिल्ली पुलिस के पांच जवान, सीआरपीएफ की एक महिला कांस्टेबल और संसद के दो गार्ड भी शहीद हो गए थे। इसके अलावा कुल 16 जवान भी घायल हुए थे।
यह भी पढ़ें: जानें आतंकियों ने संसद पर हमले के लिए क्यों चुना था 13 दिसंबर 2001 का दिन