छह महीने बाद ढाई लाख से नीचे आए सक्रिय मामले, प्रति 10 लाख आबादी पर भारत में सबसे कम केस
देश में कोरोन संक्रमण के सक्रिय मामलों का आंकड़ा छह महीने बाद ढाई लाख के नीचे आ गया है। इस के साथ ही अब तक महामारी को मात दे चुके लोगों की संख्या 99 लाख से अधिक हो गई है।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में कोरोन संक्रमण के सक्रिय मामलों का आंकड़ा छह महीने बाद ढाई लाख के नीचे आ गया है। नए मामलों से करीब तीन हजार अधिक मरीज ठीक हुए हैं और अब तक महामारी को मात दे चुके लोगों की संख्या 99 लाख से अधिक हो गई है। महामारी के चलते प्रतिदिन होने वाली मौतों की संख्या भी ढाई सौ से नीचे बनी हुई है। स्वास्थ्य मंत्रालय की मानें तो पिछले एक हफ्ते के दौरान भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमितों की संख्या सबसे कम (101) रही है।
देश में 2,47,220 सक्रिय मामले
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से रविवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल सक्रिय मामले 2,47,220 रह गए हैं, जो कुल मामलों का 2.39 फीसद है। इससे पहले चार जुलाई, 2020 को इससे कम 2,45,563 सक्रिय मामले थे। मंत्रालय के मुताबिक एक महीने से ज्यादा समय से सक्रिय मामलों में गिरावट का रुख बना हुआ है। केरल में बीते 24 घंटे के दौरान सबसे ज्यादा 4,985 मरीज ठीक हुए हैं और दूसरे नंबर पर महाराष्ट्र है जहां 2,110 और मरीजों ने महामारी को मात दी है।
कुल 18,177 नए मामले मिले
मंत्रालय के मुताबिक इस दौरान देशभर में कुल 18,177 नए मामले मिले हैं, 20,923 मरीज ठीक हुए हैं और 217 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा एक करोड़ तीन लाख 23 हजार से अधिक हो गई है। अब तक 99.27 लाख मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और 1,49,435 मरीजों की जान भी जा चुकी है। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.15 फीसद हो गई है और मृत्युदर 1.45 फीसद पर बनी हुई है।
अब तक 17.48 करोड़ टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक देशभर में 17.48 करोड़ से ज्यादा नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इसमें शनिवार को जांचे गए 9.58 लाख नमूने भी शामिल हैं।
प्रति 10 लाख आबादी पर भारत में सबसे कम केस
स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि पिछले एक हफ्ते के दौरान भारत में प्रति 10 लाख आबादी पर संक्रमितों की संख्या सबसे कम (101) रही है। ब्राजील, रूस, फ्रांस, इटली, अमेरिका और ब्रिटेन में यह संख्या इससे बहुत अधिक है।
औषधि नियामक दो टीकों के आपात इस्तेमाल को मंजूरी दी
इस बीच भारत के औषधि नियामक ने ऑक्सफोर्ड के कोविड-19 टीके कोविशील्ड और भारत बायोटेक की स्वदेशी कोवैक्सीन के देश में सीमित आपात इस्तेमाल को मंजूरी दे दी है। भारत के औषध महानियंत्रक यानी डीसीजीआई के इस फैसले से देश में कोरोना के खिलाफ व्यापक टीकाकरण अभियान का रास्ता साफ हो गया है। डीसीजीआई का कहना है कि सीडीएससीओ की विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों को ध्यान में रखते हुए टीकों के आपात उपयोग की मंजूरी दी गई है।