महाराष्ट्र की सबसे ऊंची चोटी पर रचाई शादी
अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए मुंबई के एक जोड़े ने महाराष्ट्र की सबसे ऊंची चोटी माउंट कलसुबाई पर सात फेरे लिए। पेशे से इंजीनियर व लार्सन एंड टुर्बो कंपनी में कार्यरत विवेक पाटिल रविवार को सोशल एक्सिस में कास्ट अकाउंटेंट स्वप्निल धाबगड़े के साथ नाशिक स्थित कलसुबाई देवी
नाशिक। अपनी शादी को यादगार बनाने के लिए मुंबई के एक जोड़े ने महाराष्ट्र की सबसे ऊंची चोटी माउंट कलसुबाई पर सात फेरे लिए। पेशे से इंजीनियर व लार्सन एंड टुर्बो कंपनी में कार्यरत विवेक पाटिल रविवार को सोशल एक्सिस में कास्ट अकाउंटेंट स्वप्निल धाबगड़े के साथ नाशिक स्थित कलसुबाई देवी के मंदिर में शादी रचाई।
यह मंदिर राज्य की सबसे ऊंची चोटी पर स्थित है। इसकी ऊंचाई 1646 मीटर है। इस शादी में 150 से ज्यादा लोग शामिल हुए। ये सारे लोग करीब साढ़े तीन घंटे चढ़ाई करने के बाद मंदिर की चोटी पर पहुंचे।
शादी को लेकर विवेक ने बताया कि पहले उसके परिजन इसके लिए राजी नहीं थे। पिता ने तो आखिरी वक्त में साथ चलने के लिए हामी भरी। वहीं, स्वप्निल ने बताया कि शादी कराने के लिए पंडित चोटी पर चढ़ने के लिए तैयार नहीं था। बाद में हफ्तों प्रशिक्षण लेने के बाद उसने यह चढ़ाई चढ़ी और हमारी शादी कराई।
विवेक के अनुसार हल्दी व संगीत की रस्म भी मंदिर में ही हुई। रविवार सुबह जब शादी की रस्में पूरी होने वाली थी, उस दौरान करीब 250 ट्रैकर्स भी चोटी पर पहुंच चुके थे। ये लोग भी शादी में शामिल हुए।
गौरतलब है कि इससे पहले 2008 में पुणे की शीतल महाजन ने इंजीनियर वैभव राणे से पृथ्वी से 600 मीटर ऊंचाई पर हॉट एयर बैलून में शादी रचाई थी।