अभिनेत्री रेणुका शहाणे बोलीं, ऐसी कोई महिला नहीं जिसके पास मी टू कहानी न हो
अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने कहा कि अभी भी ऐसी अनगिनत महिलाओं की अनकही कहानियां होंगी जिन्होंने यौन प्रताड़ना और दुर्व्यवहार का सामना किया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। अभिनेत्री रेणुका शहाणे ने कहा कि अभी भी ऐसी अनगिनत महिलाओं की अनकही कहानियां होंगी जिन्होंने यौन प्रताड़ना और दुर्व्यवहार का सामना किया है। अभिनेत्री ने कहा कि उनके पास भी कहानी है लेकिन उनके साथ किसी मशहूर ने बुरा नहीं किया।
मुंबई से फोन पर रेणुका ने कहा, 'मैं नहीं मानती कि ऐसी कोई महिला होगी जिसके पास मी टू कहानी न हो। मेरी कहानी में कोई मशहूर आदमी नहीं है। यह काफी समय पहले हुआ था लेकिन लंबे समय तक उसका मेरे ऊपर प्रभाव रहा।
मैं अपनी पूरी जिंदगी में लोकल ट्रेनों और बसों में यात्रा करती रही। आप लगातार अनुभव करते हैं कि किसी ने आपको पिंच किया। इसके अलावा अन्य तरह का अभद्र व्यवहार महसूस करते हैं। यह हर रोज की कहानी है।'
मी टू आंदोलन का मजाक न बनाएं : हनोई ईरानी
मशहूर लेखिका हनोई ईरानी ने कहा कि मी टू आंदोलन को मजाक न बनाएं। यह दुखद है कि महिलाएं बोल रही हैं और अधिकांश लोग सुन नहीं रहे हैं। यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर तब आप चुप क्यों रहीं? यदि आप इस आंदोलन का समर्थन नहीं कर रहे हैं तो मेहरबानी कर इसका मजाक नहीं बनाएं।
काफी फैल चुका है मी टू आंदोलन : शत्रुघ्न
अभिनय जगत से राजनीति में आए अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि मी टू आंदोलन एक आदर्श तो है लेकिन अब यह बहुत फैल चुका है। मैं मी टू आंदालन का समर्थन करता हूं। अपने 40 साल के कैरियर में मैंने किसी महिला के साथ दुर्व्यवहार नहीं किया। मैंने हर महिला का सम्मान किया।