देश में लगातार घट रहे कोरोना के सक्रिय मामले, गुरुवार को 9 लाख से ज्यादा हुए टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में अब तक 17.93 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इसमें से 9.35 लाख नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।
नई दिल्ली, जेएनएन। देश में सक्रिय मामलों में लगातार गिरावट का रुख बना हुआ है। वर्तमान में सक्रिय मामले सवा दो लाख रह गए हैं, जो कुल मामलों का मात्र 2.16 फीसद है। सक्रिय मामलों में गिरावट की मुख्य वजह कोरोना के नए मामलों से अधिक मरीजों का ठीक होना है। बीते चौबीस घंटे के दौरान भी नए संक्रमितों से ढाई हजार से अधिक मरीज स्वस्थ घोषित किए गए। एक करोड़ चार लाख से अधिक संक्रमितों में से एक करोड़ से अधिक अब तक पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 96.39 फीसद हो गई। अब तक डेढ़ लाख से अधिक लोगों की जान भी जा चुकी है और मृत्युदर 1.45 फीसद बनी हुई है।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक बीते चौबीस घंटे में 18,139 नए मामले मिले हैं, 20,539 मरीज ठीक हुए हैं और 234 लोगों की जान गई है। इसके साथ ही कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1.04 करोड़ पहुंच गया है। एक करोड़ 37 हजार से ज्यादा लोग महामारी को मात दे चुके हैं और मृतकों की संख्या भी 1,50,570 पर पहुंच गई है। सक्रिय मामले 2,25,449 रह गए हैं।
गुरुवार को 9.35 लाख टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए देशभर में अब तक 17.93 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इसमें से 9.35 लाख नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।
कोरोना के नए स्ट्रेन के मामले बढ़कर 82 हुए
कोरोना वायरस के नए स्वरूप (स्ट्रेन) से संक्रमित होने वाले मरीजों की संख्या 82 हो गई है। बुधवार को पीड़ितों की संख्या 73 थी। ब्रिटेन में मिला कोरोना का यह नया स्ट्रेन भारत समेत अब तक दुनिया के कई देशों में फैल चुका है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि संक्रमित पाए गए लोगों को उनके राज्यों में कोरोना केयर केंद्रों में अलग-अलग कमरों में आइसोलेशन में रखा गया है। इनके परिजनों और निकट संपर्क में आए लोगों को भी क्वारंटाइन किया गया है। सभी की सेहत पर लगातार नजर भी रखी जा रही है।