नाबालिग अभिनेत्री से छेड़खानी: 22 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में आरोपी
आरोपी विकास की पुलिस रिमांड आज खत्म हो गई थी। इसके साथ ही विकास ने जमानत के लिए अर्जी दी है। इस अर्जी पर 15 दिसंबर को सुनवाई होगी।
मुंबई, एएनआई। 'दंगल' फेम अभिनेत्री जायरा वसीम से छेड़खानी के मामले में आरोपी विकास सचदेव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दिंडोशी सेशन कोर्ट ने आरोपी को 22 दिसंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजा है। आरोपी विकास की पुलिस रिमांड आज खत्म हो गई थी। इसके साथ ही विकास ने जमानत के लिए अर्जी दी है। इस अर्जी पर 15 दिसंबर को सुनवाई होगी।
क्या है आरोप?
अभिनेत्री जायरा वसीम ने बीते शनिवार रात दिल्ली से मुंबई जा रही विस्तारा एयरलाइंस की फ्लाइट में एक सहयात्री द्वारा छेड़खानी करने का आरोप लगाया है। मुंबई पुलिस ने अभिनेत्री के बयान के आधार पर मामला दर्ज करके रविवार देर शाम अंधेरी के रहने वाले आरोपी विकास सचदेव [ 39 वर्ष)] को गिरफ्तार कर लिया। इस बीच, विस्तारा एयरलाइंस ने अभिनेत्री से माफी मांगते हुए घटना की प्रारंभिक रिपोर्ट नागरिक उड्डयन महानिदेशालय [डीजीसीए ] को सौंप दी है।
अभिनेत्री ने अपने साथ हुई इस घटना को 'इंस्टाग्राम' पर लाइव वीडियो के जरिए साझा किया। इसमें जायरा [17] रोते हुए बता रही हैं कि विस्तारा फ्लाइट में अधेड़ उम्र का एक व्यक्ति बार-बार उन्हें अपने पैर से पीठ और गले पर छूने की कोशिश करता रहा, जबकि उस वक्त वह आधी नींद में थीं। जायरा ने सवाल किया- 'क्या किसी लड़की के साथ ऐसा होना चाहिए? यह भयावह था। क्या किसी लड़की की इस तरह सुरक्षा की जाती है। अगर आप खुद अपनी मदद के लिए आगे नहीं बढ़े तो कोई भी मदद के लिए नहीं आता। इससे बुरी बात और कुछ नहीं हो सकती।'
यह भी पढ़ें: जायरा वसीम से 'छेड़खानी', विमान में सवार यात्री ने दिया आरोपी के बचाव में बयान