एमपी के राज्यपाल के पुत्र की मौत, व्यापमं घोटाले में था नाम
प्रदेश के बहुचर्चित व्यावसायिक परीक्षा मंडल व्यापमं घोटाले में आरोपी शैलेश यादव का निधन हो गया। शैलेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव के पुत्र थे। आज हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है।
सुरेंद्र दुबे, जबलपुर / भोपाल। प्रदेश के बहुचर्चित व्यावसायिक परीक्षा मंडल व्यापमं घोटाले में आरोपी शैलेश यादव का निधन हो गया। शैलेश मध्यप्रदेश के राज्यपाल रामनरेश यादव के पुत्र थे। आज हाईकोर्ट में इस मामले की सुनवाई होनी है।
हाईकाेर्ट में व्यापमं मामले में राज्यपाल की ओर से बहस कर रहे जबलपुर के एडवोकेट महेंद्र पटैरिया ने यह जानकारी दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बताया जाता है कि शैलेश की मृत्यु लखनऊ में रात को ब्रेन हैमरेज से हुई। जानकारी के अनुसार व्यापमं घोटाले मामले में शैलेश को फरार बताया जा रहा था।
बताया जाता है कि इस मामले में अपना नाम आने से शैलेश परेशान थे। एसटीएफ ने उन्हें नोटिस भी भेजे थे। उन्हें पकड़ने के लिए एसटीएफ खासी कवायद कर रही थी। दूसरी ओर राज्यपाल भी इन दिनों अस्वस्थ हैं। उनका भोपाल के शाहपुरा क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
एक पखवाड़े से अधिक समय से वे आईसीयू में भर्ती हैं। मीडिया से बेटे की मौत की खबर मिलने के बाद उनकी हालत बिगड़ने की जानकारी भी मिली है। फिलहाल वे डाॅक्टरों की निगरानी में हैं।
भोपाल में राजभवन को राज्यपाल के पुत्र की मृत्यु की सूचना दे दी गई है। अपनी पत्नी की मृत्यु के बाद अब बेटे के इस तरह निधन से उन्हें गहरा आघात लगा है।
पढ़ें - व्यापमं घोटाला: मध्य प्रदेश के राज्यपाल ने नहीं दिया इस्तीफा
पढ़ें - व्यापम घोटाला: भोपाल में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन
साभार - नई दुनिया