विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सब्सिडी वाले LPG सिलिंडर के लिए आधार सत्यापन जरूरी, फर्जी कनेक्शनों पर सरकार का बड़ा प्रहार

Published: Sun, 20 Sep 2026 05:30 AM (IST)Updated: Sun, 20 Sep 2026 05:54 AM (IST)

सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी मिल रही है। मंत्रालय ...और पढ़ें

सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर के लिए एक अक्टूबर से आधार सत्यापन जरूरी (फोटो- जागरण)

सब्सिडी वाले LPG सिलेंडर के लिए एक अक्टूबर से आधार सत्यापन जरूरी (फोटो- जागरण)

HighLights

  1. ई-केवाईसी नहीं कराने पर सिलिंडर मिलेगा, लेकिन सब्सिडी का लाभ नहीं 

  2. 27.43 करोड़ ग्राहक करा चुके हैं बायोमीट्रिक सत्यापन, 210 रुपये सब्सिडी मिल रही 

पीटीआई, नई दिल्ली। घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने के लिए एक अक्टूबर से आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करना जरूरी होगा।

सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी का लाभ केवल पात्र उपभोक्ताओं को मिले और फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन के जरिए इसका दुरुपयोग न हो। जिन ग्राहकों ने पहले ही आधार बायोमीट्रिक सत्यापन या ई-केवाईसी करा लिया है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों यानी करीब 89.9 प्रतिशत उपभोक्ताओं का आधार बायोमीट्रिक सत्यापन पूरा हो चुका था। सरकार ने पहले इसके लिए 30 जून की समयसीमा तय की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 14 सितंबर किया गया।

सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर करीब 210 रुपये की अप्रत्यक्ष सब्सिडी मिल रही है। मंत्रालय के मुताबिक, जिन उपभोक्ताओं ने अब तक सत्यापन नहीं कराया है, वे इसे पूरा करने के बाद सब्सिडी वाले सिलिंडर की बुकिंग कर सकेंगे।

उपभोक्ता एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर या सिलिंडर की डिलीवरी के समय डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल एप के जरिये आधार बायोमीट्रिक सत्यापन करा सकते हैं। तेल कंपनियों के मोबाइल एप से भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।

आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं को एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति बंद नहीं होगी, लेकिन उन्हें सब्सिडी का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे ग्राहकों को सिलिंडर बाजार मूल्य पर लेना होगा।

ऐसे उपभोक्ताओं को अपनी संबंधित तेल कंपनी के डिजिटल प्लेटफार्म वेब पोर्टल, मोबाइल एप, वाट्सएप चैटबाट या आइवीआरएस जैसी सुविधाओं के जरिए पंजीकरण कराना होगा। स्थानीय उपलब्धता के आधार पर उन्हें पांच या 10 किलो के सिलेंडर भी उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

इन एप से घर बैठे कराएं ई-केवाईसी

  • इंडेन : इंडियनऑयल वन एप
  • भारतगैस : हेलोबीपीसीएल
  • एपएचपी गैस : एचपी पे एप