निःशुल्क इलाज से लेकर अन्न क्षेत्र तक, अखाड़ों की चकाचौंध से इतर है कुंभ की एक दुनिया
भारत सेवा आश्रम शिविर में निःशुल्क इलाज हो रहा है। योगदा संस्था में मुफ्त इलाज के साथ श्रद्धालुओं को ध्यान भी कराया जा रहा है।
रवि उपाध्याय, कुंभ नगर। अखाड़ों की चकाचौंध से इतरा रहे कुंभ में एक अलग ऐसी दुनिया भी है, जो लोगों को बरबस अपनी ओर खींच रही है। यह संसार है उन संस्थाओं का, जो सिर्फ सेवा भाव से काम कर रही है। कई संस्थाओं में भागवत कथा हो रही हैं। कुछ जगह बड़े कथाकार आने वाले हैं। दिव्य प्रेम सेवा मिशन के शिविर में कौशल जी महराज की कथा शुरू होने वाली है। इस्कान में भागवत पर मंचन हो रहा है। विदेशी भक्तों का यहां जमावड़ा है। इनको देखने के लिए दिन भर श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। भारत सेवा आश्रम शिविर में निःशुल्क इलाज हो रहा है। योगदा संस्था में मुफ्त इलाज के साथ श्रद्धालुओं को ध्यान भी कराया जा रहा है। बिना प्रचार प्रसार के सेवा भाव में रत ऐसी संस्थाएं सैकड़ों में है।
कुंभ में हर ओर अलग नजारा है। देश दुनिया से लोग यहां आए हुए हैं। कुछ यहां की दिव्यता देखने आए हैं। कई यहां संगम में डुबकी लगाकर पुण्य कमाने आए हैं। कुछ नामी संस्थाओं से जुड़कर भंडारे कर रहे हैं। कंबल बांट रहे हैं। निःशुल्क चिकित्सा करके लोगों की सेवा कर रहे हैं। कुंभ का विभाजन 20 सेक्टर में है। ओम नमः शिवाय संस्था ने हर सेक्टर में अन्न क्षेत्र चला रखा है। अखाड़ों से जुड़े महामंडलेश्वरों की भंडारों से यह अन्न क्षेत्र अलग है। यहां संस्था के लोग श्रद्धालुओं को बुला कर भोजन करा रहे हैं। संगम सेवा संस्थान के लोग शिविर जाकर रोज खिचड़ी बांटते दिख जाएंगे। सेक्टर 15 में लगे दिव्य प्रेम सेवा मिशन शिविर में आगे एक पखवाड़े में कई कथाएं होने वाली हैं। यह संस्था कुष्ठ रोगियों की सेवा करती है। यहां भी यह संस्था समाजिक सेवा में लगी है।
इस संस्था के प्रमुख आशीष बताते हैं कि उनकी संस्था का उद्देश्य सेवा भाव ही है। देश भर में समय.समय पर भागवत कथाएं आयोजित करायी जाती है। इस्कान का शिविर भी यहीं लगा है। हरे कृष्णा बोलते हुए यहां के भक्त मेले में भी घूमते हुए दिख जाते हैं। शिविर के प्रभारी अद्वैतदास बताते हैं कि यहां लगातार विदेशों से भक्त आ रहे हैं। रोज ध्यान और भागवतगीता पर कार्यक्रम हो रहे हैं। भागवत पर मंचन हो रहा है। विदेशी भक्त इस पर मंचन कर रहे हैं। भंडारे का आयोजन भी हो रहा है। 31 जनवरी से यहां भक्तों की संख्या बढ़ जाएगी। राम कृष्ण मिशन का शिविर यहां लग गया है। शास्त्री पुल के नीचे लगे इस शिविर में पुस्तकों की एक अलग दुनिया है। यहां धर्म अध्यात्म से जुड़ी हजारों पुस्तकें मिल जाएंगी। शिविर में एक पुस्तकालय बनाया गया है। किताबें पढ़ने के शौकीनों की भीड़ यहां दिख जाएगी। भारत विकास परिषद का शिविर में ऐसे ही सामाजिक सेवा वाले कार्य कर रहा है। गंगा महासभा के शिविर में संस्कृति संसद हो रही है। इसी प्रकार गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र की बड़ी संस्थाएं यहां आयी हुई हैं।
यज्ञ हवन भी करा रही हैं संस्थाएं
बहुत ऐसे साधु संत है जिन्होंने अपनी संस्थाएं बना रखी हैं। यहां यज्ञ हवन हो रहे हैं। सेक्टर 15 में प्रखर परोपकार संस्था में यज्ञ हो रहा है। प्रखर जी महराज से आशीर्वाद लेने के लिए यहां भीड़ लगी हुई है। यह संस्था रोज भंडारा कर रही है। इसी तरह सेक्टर नौ के श्री श्री भृगु संस्थान के शिविर में यज्ञ हो रहा है। यहां असम के एक दो मंत्री भी रुके हुए हैं।