विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दो साल की बच्ची का इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में दर्ज हुआ नाम, तबला बजाकर सभी को चौंकाया

Published: Tue, 27 Oct 2026 05:00 AM (IST)

कर्नाटक के होन्नावर की दो साल 10 महीने की स्वरश्री हेगड़े ने इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में सबसे कम उम्र की तबला वादक के रूप में नाम दर्ज कराया है।

दो साल की बच्ची ने तबला बजाकर चौंकाया।

दो साल की बच्ची ने तबला बजाकर चौंकाया।

HighLights

  1. स्वरश्री हेगड़े सबसे कम उम्र की तबला वादक बनीं।

  2. इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में नाम दर्ज कराया।

  3. बिना गलती के 12 तालों को सुनाया और बजाया।

डिजिटल डेस्क, होन्नावर। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के दो साल 10 महीने की एक बच्ची ने इंडिया बुक ऑफ रिकार्ड्स में सबसे कम उम्र की तबला वादक के रूप में अपना नाम दर्ज कराया है। उसने बिना किसी गलती के 12 तालों को उनके बोलों के साथ सुनाया और बजाया।

अडुकाला के मशहूर तबला वादक गुरुराज हेगड़े और अंग्रेजी की प्रोफेसर व हिंदुस्तानी गायिका श्रीलता की बेटी, स्वरश्री हेगड़े ने संगीत प्रेमियों का दिल जीत लिया। गुरुराज खुद विद्वान शेषद्रि अयंगर के शिष्य हैं।

उनके माता-पिता के अनुसार, स्वरश्री ने एक साल की उम्र से ही तबले में दिलचस्पी दिखाना शुरू कर दिया था। वह अक्सर तबले पर अपने हाथ रखती थी और कभी-कभी तो उसी पर सो भी जाती थी। उसकी इस गहरी रुचि को देखते हुए उन्होंने उसके लिए खास तौर पर दो छोटे तबले बनवाए।

उनकी मां श्रीलता ने बताया, "जब गुरुराज अपने छात्रों को तबला सिखा रहे होते थे, तब स्वरश्री पास बैठती थी। उसी दौरान गुरुराज ने उसे 12 ताल और उनके बोल सिखाए।" स्वरश्री की इस उपलब्धि पर पूरे परिवार को बहुत गर्व है कि उसने तबले पर ताल बजाकर और उनके बोल सुनाकर इंडिया बुक आफ रिकार्ड्स में जगह बनाई है।