भीलवाड़ा में गजब की चोरी: पीएम मोदी का मास्क लगाकर आया चोर, मोबाइल दुकान से 35-40 स्मार्टफोन उड़ाए
राजस्थान के भीलवाड़ा में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां शातिर चोरों ने पीएम मोदी मास्क लगाकर चोरी ...और पढ़ें

भीलवाड़ा में पीएम मोदी का मास्क लगाकर आए चोर ने मोबाइल दुकान से 35-40 स्मार्टफोन उड़ाए (फोटो- सोशल मीडिया)
HighLights
चोरी की घटना सोमवार आधी रात को हुई
लूटे गए मोबाइलों की कीमत 4 से 5 लाख रुपये
डिजिटल डेस्क, जयपुर। राजस्थान के भीलवाड़ा में चोरी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां शातिर चोरों ने पीएम मोदी मास्क लगाकर चोरी की घटना को अंजाम दिया। भिलवाड़ा जिले के करेड़ा कस्बे में बस स्टैंड पर स्थित एक मोबाइल दुकान से 35 से 40 स्मार्टफोन चुरा लिए। चोरी की घटना सोमवार आधी रात को हुई। लूटे गए मोबाइलों की कीमत 4 से 5 लाख रुपये बताई जा रही है।
दुकान मालिक लक्ष्मण सेन मंगलवार सुबह जब दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने देखा कि सामान बिखरा पड़ा था और महंगे मोबाइल फोनों के खाली बॉक्स फर्श पर पड़े थे। उन्होंने तुरंत करेड़ा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक युवक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मास्क लगाए हुए दुकान में घुसा और चोरी को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि उसी रात इसी गिरोह ने बीज गोदाम चौराहे पर स्थित दूसरी मोबाइल दुकान का शटर तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो सका। उस फुटेज में भी यही मोदी मास्क लगाए युवक दिखाई दे रहा है।
करेड़ा थाना प्रभारी पूरणमल मीणा ने कहा कि दुकानदार की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच शुरू कर दी गई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।
