मिजोरम में 26 नए मामलों के साथ 939 मरीज हुई ठीक, जानें राज्य का कुल संक्रमित आंकड़ा
मिजोरम भले ही देश में इस वक्त ऐसा राज्य है जहां पर कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है लेकिन संक्रमण का खतरा राज्य में प्रत्येक दिन बढ़ रहा है।
आइजोल, एएनआइ। मिजोरम भले ही देश में इस वक्त ऐसा राज्य है, जहां पर कोरोना से एक भी मौत नहीं हुई है, लेकिन संक्रमण का खतरा राज्य में प्रत्येक दिन बढ़ रहा है। सुबह 7 बजे तक नॉर्थ ईस्ट के इस राज्य में 26 नए मामले सामने आए हैं। कुल संक्रमितों का आंकड़ा राज्य में 1 हजार 506 हो गया है, जिसमें 567 एक्टिव केस हैं जबकि 939 मरीज ठीक हो गए हैं।
भारत में हर रोज COVID-19 के मामले बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा गुरुवार सुबह जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 51,18,253 हो गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 97,894 नए मामले सामने आए हैं। एक दिन में सामने आने वाले मामलों की यह अभी तक की सबसे बड़ी संख्या है। इस दौरान देश में 1132 कोरोना संक्रमितों की मौत भी हुई है। पिछले 24 घंटों में 82,719 मरीज ठीक भी हुए हैं। कुल 40,25,079 मरीज अब तक ठीक हो चुके हैं। 83,198 लोगों की जान गई है।
रिकवरी रेट की बात करें तो यह मामूली बढ़ोतरी के बाद 78.64 प्रतिशत पर पहुंच गया है। पॉजिटिविटी रेट 8.61 प्रतिशत है। 16 सितंबर को 11,36,613 कोरोना सैंपल टेस्ट किए गए। अभी तक कुल 6,05,65,728 सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं। देश में पहली बार कोरोना के एक्टिव मामले 10 लाख पार हुए हैं। एक्टिव मामलों की संख्या 10,09,976 है।
महाराष्ट्र में फिर बढ़े नए मामले
देश में इस वक्त महाराष्ट्र सबसे ज्यादा संक्रमित राज्य है। महाराष्ट्र में दो दिन बाद फिर नए मामले बढ़ गए हैं। राज्य में 23,365 नए मामलों के साथ संक्रमितों का आंकड़ा 11 लाख 21 हजार से अधिक हो गया है। 474 मौतें के साथ मरने वालों की संख्या भी 30,883 हो गई है। हालांकि, 7.92 लाख लोग ठीक भी हो चुके हैं और सक्रिय मामले सिर्फ 2.97 लाख ही रह गए हैं। गोवा में 628 नए मामले मिले हैं और चार लोगों की जान गई है। राज्य में कुल मामले 26 हजार से अधिक हो गई है और अब तक 319 लोगों की जान जा चुकी है।