Move to Jagran APP

कुपवाड़ा में हिमस्खलन: बर्फ में दबे तीन वाहन, नौ लोग अब तक लापता

कुपवाड़ा जिले के टंगधार में साधनाटॉप के पास शुक्रवार को हुए हिमस्खलन में तीन वाहन बर्फ में दब गए और नौ लोगों का अबतक पता नहीं चल पाया है।

By Monika MinalEdited By: Published: Sat, 06 Jan 2018 09:04 AM (IST)Updated: Sat, 06 Jan 2018 09:05 AM (IST)
कुपवाड़ा में हिमस्खलन: बर्फ में दबे तीन वाहन,  नौ लोग अब तक लापता
कुपवाड़ा में हिमस्खलन: बर्फ में दबे तीन वाहन, नौ लोग अब तक लापता

जम्मू (जेएनएन)। उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के टंगधार में साधनाटॉप के पास शुक्रवार को हुए हिमस्खलन में तीन वाहन बर्फ में दब गए। इसमें एक बीकन कर्मचारी की मौत हो गई और नौ लोग अभी लापता बताए जा रहे हैं। बर्फ में दबे तीनों वाहनों का भी कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। वहीं एक बच्चे समेत दो लोगों को बचा लिया गया है। सेना, बीकन विभाग व पुलिस का युद्धस्तर पर राहत अभियान जारी है लेकिन खराब मौसम बाधा बना हुआ है।

loksabha election banner

कुपवाड़ा से सात स्थानीय लोगों को लेकर टंगधार जा रही लाल रंग की सूमो (जेके09ए-3249) जब साधनाटॉप इलाके से गुजर रही थी तो पहाड़ से हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से वह नीचे जा गिरी और बर्फ में दब गई। इस वाहन के पीछे आ रहे एक अन्य यात्री वाहन में सवार एक बच्चे सहित तीन लोगों ने जब अपने सामने यह हादसा होते देखा तो बचाने के लिए आगे बढ़े, लेकिन पहाड़ से हुए हिमस्खलन की चपेट में आने से वह भी बर्फ में दब गए। इसी दौरान टंगमर्ग से कुपवाड़ा जा रहा बीकन विभाग का एक अन्य वाहन भी हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इसमें सवार दो बीकन कर्मियों में एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। तीन वाहनों के हिमस्खलन की चपेट में आने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया।

इसके बाद बर्फ में दबे लोगों को तलाशने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू हुआ। काफी मशक्कत व विपरीत मौसमी परिस्थितियों के बीच सात साल के एक बच्चे और बीकन कर्मचारी को घायल हालत में बाहर निकाल लिया गया। बच्चे की हालत स्थिर बताई जा रही है। कुछ देर बाद एक बीकन कर्मी का शव भी बरामद हो गया, लेकिन नौ लोगों का देर शाम तक कोई सुराग नहीं मिला। एसपी कुपवाड़ा शमशेर सिंह ने बताया कि हिमस्खलन में मारे गए बीकन कर्मचारी की पहचान (47) मंगल प्रसाद सिंह पुत्र शिव राज सिंह, निवासी अयर सरैया, वाराणसी, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

बता दें कि कश्मीर के डिवीजनल कमिश्नर ने बुधवार को ही मौसम विभाग की चेतावनी के बाद क्षेत्र में हिमस्खलन का अलर्ट जारी किया था। साथ ही कुपवाड़ा समेत सभी ऊपरी इलाकों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने की सलाह भी दी गई थी।

यह भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा में कार खाई में गिरी, दो की मौत


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.