देश के आठ राज्यों में 70 फीसद सक्रिय मामले, भारत कोरोना महामारी की भीषण चपेट में नहीं
गुजरात में कोरोना की दूसरी लहर नए मामलों के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर ही है। राज्य में 1607 नए केस मिले हैं। महाराष्ट्र में 6185 नए केस के साथ कुल संक्रमित 18.08 लाख हो गए हैं। देश के ज्यादातर हिस्से महामारी की भीषण चपेट में नहीं हैं।
जेएनएन, नई दिल्ली। कोरोना महामारी के मामले देश में बढ़ रहे हैं, लेकिन ज्यादातर मामले कुछ राज्यों तक ही सीमित हैं। देश के ज्यादातर हिस्से महामारी की भीषण चपेट में नहीं हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक सिर्फ आठ राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में ही 70 फीसद से ज्यादा सक्रिय मामले हैं। अब तक सामने आए कुल संक्रमितों का आंकड़ा 93 लाख को पार कर गया है, जिसमें से 87 हजार से अधिक मरीज पूरी तरह से ठीक भी हो चुके हैं।
69.59 फीसद मामले महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, राजस्थान, यूपी, कर्नाटक, बंगाल और छत्तीसगढ़ से हैं
मंत्रालय की तरफ से शुक्रवार सुबह आठ बजे जारी आंकड़ों के मुताबिक देशभर में 4,55,555 कुल सक्रिय केस रह गए हैं, जो कुल संक्रमितों का 4.89 फीसद है। इनमें से 69.59 फीसद मामले महाराष्ट्र, केरल, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, बंगाल और छत्तीसगढ़ से हैं। वहीं, अब तक जितनी मौतें हुई हैं उनमें से 83.80 फीसद मौतें 10 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से हैं। ये राज्य और केंद्र शासित प्रदेश में-महाराष्ट्र, कर्नाटक, तमिलनाडु, बंगाल, उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, पंजाब, गुजरात, मध्य प्रदेश और दिल्ली।
24 घंटों के दौरान 43,082 नए केस मिले
मंत्रालय के मुताबिक 24 घंटों के दौरान 43,082 नए केस मिले हैं और कुल संक्रमित 93.09 लाख हो गए हैं। इस दौरान 492 मरीजों की मौत भी हुई है और अब तक महामारी के चलते जान गंवा चुके लोगों की संख्या एक लाख 35 हजार 715 हो गई है। 87.15 लाख मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं। इस तह से मरीजों के उबरने की दर बढ़कर 93.64 फीसद और मृत्युदर घटकर 1.45 फीसद पर आ गई है।
गुरुवार को 11.31 लाख कोरोना टेस्ट
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक कोरोना संक्रमण का पता लगाने के लिए अब तक देशभर में कुल 13.70 करोड़ नमूनों का परीक्षण किया जा चुका है। इसमें गुरुवार को जांचे गए 11.31 लाख नमूनें भी शामिल हैं।
गुजरात में तेजी से बढ़ रहा संक्रमण
गुजरात में कोरोना की दूसरी लहर नए मामलों के सारे रिकॉर्ड ध्वस्त कर ही है। राज्य में 1,607 नए केस मिले हैं। यह एक दिन में राज्य में सामने आए नए मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। इनको मिलाकर कुल संक्रमितों का आंकड़ा 2.05 लाख हो गया है। 16 और मरीजों की मौत हुई है। अब तक 3,938 मरीजों की जान जा चुकी है।
महाराष्ट्र में छह हजार से अधिक नए केस
महाराष्ट्र में भी मामले बढ़ रहे हैं। हालांकि, पहले की तुलना में नए मामले बहुत ज्यादा नहीं मिल रहे। राज्य में 6,185 नए केस के साथ कुल संक्रमित 18.08 लाख हो गए हैं। 85 और मरीजों की महामारी के चलते मौत हुई है। अब तक राज्य में 46,898 मरीजों की मौत हो चुकी है। पूरे देश में महाराष्ट्र में सबसे मरीज मिले हैं और लोगों की जान गई है।
केरल में कम हुए केस
बीते चौबीस घंटों के दौरान केरल में 3,966 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमितों का आंकड़ा 5.87 लाख हो गया है। 23 लोगों की जान भी गई है। राज्य में अब तक 2,171 मरीजों की कोरोना संक्रमण के चलते मौत हो चुकी है।