छत्तीसगढ़ में नक्सली मुठभेड़, पांच महिला सहित सात नक्सली ढेर
छत्तीसगढ़ के बीजापुर में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में 7 नक्सली मारे गए।
बीजापुर (नईदुनिया)। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के तारलागुड़ा थाना क्षेत्र और तेलंगाना से लगे क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने सात नक्सलियों को मार गिराया। मारे गए नक्सलियों में दो पुरुष और पांच महिला नक्सली शामिल है। मौके से बड़ी मात्रा में हथियार व गोला बारूद बरामद किया गया है।
कई घंटों तक चली फायरिंग
आइजी विवेकानंद सिन्हा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सुरक्षा बल के जवान शुक्रवार सर्चिंग पर निकले थे, सुबह तेलंगाना की सीमा से लगे इलाके में जवानों की नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई घंटों तक फायरिंग हुई। इसमें कई नक्सली हताहत हुए हैं।
बड़ी मात्रा में असलहा बरामद
मुठभेड़ के बाद सर्चिंग के दौरान सात नक्सलियों के शव बरामद किए गए। चार जवान घायल भी हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए जगदलपुर ले जाया जा रहा है। जवानों ने घटना स्थल से बड़ी मात्रा में असहला बरामद किया है। जिसमें एक एसएलआर, थ्री नॉट थ्री एक, रिवाल्वर एक, एसबीबीएल चार, राकेट लांचर छह, एचई-36 हैंंडग्रेनेट, कीट बैग 10 और चार जोड़ी नक्सली वर्दी बरामद की गई है।
समाचार लिखे जाने तक मौके से फोर्स लौटी नहीं थी। सप्ताह भर के भीतर यह नक्सलियों के लिए दूसरा बड़ा झटका है। उल्लेखनीय है कि गत रविवार को छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे गढ़चिरौली (महाराष्ट्र) में सुरक्षाबलों ने तीन दर्जन से अधिक नक्सलियों को मार गिराया था। वहां से अब तक 39 शव बरामद किए जा चुके हैं।