विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

घर से बाहर खींचा और पेड़ से बांधा... तेलंगाना में काला जादू के नाम पर 60 साल की महिला के साथ मारपीट

Published: Tue, 29 Sep 2026 09:27 AM (IST)

तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले में अंधविश्वास के चलते 60 वर्षीय महिला को काला जादू करने के शक में घर से खींचकर पेड़ से बांधा गया और मारपीट की गई।

डिजिटल डेस्क, रंगा रेड्डी। तेलंगाना के रंगारेड्डी जिले के एक गांव से अंधविश्वास के कारण हिंसा की एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां पल्लाती वेंकटम्मा नाम की 60 साल की महिला को कथित तौर पर घर से बाहर खींचकर पेड़ से बांधा गया और काला जादू करने के शक में उसके साथ मारपीट की गई।

पुलिस और रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना 23 सितंबर को हुई जब ग्रामीणों का एक समूह कथित तौर पर वेंकटम्मा के घर में घुस गया और उन पर काला जादू करने का आरोप लगाया। उन्हें घर से बाहर निकालकर पूजा स्थल के पास एक नीम के पेड़ से बांध दिया गया, जहां कथित तौर पर उनके साथ हाथों और डंडों से मारपीट की गई। पुलिस ने बताया कि वेंकटम्मा को गंभीर चोटें आईं।

पति और बेटे के ऊपर भी किया हमला

जब उनके पति पल्लाती पोचैया और बेटे पल्लाती महेश ने बीच-बचाव करने की कोशिश की तो उन पर भी कथित तौर पर हमला किया गया। हमलावरों पर महेश की कार का पिछला शीशा तोड़ने का भी आरोप है। इस घटना के बाद मंचल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत 14 ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।

14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

इब्राहिमपटनम के एसीपी केवीएम राजू ने बताया कि हमले के दौरान महिला को नीम के पेड़ से बांध दिया गया था। एसीपी ने कहा, "पूछताछ के लिए एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है, जबकि बाकी आरोपियों का पता लगाने की कोशिशें जारी हैं। इस घटना के सिलसिले में कुल 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।"

पुलिस ने बताया कि यह कथित हमला इस शक और अफवाह की वजह से हुआ कि वेंकटम्मा काला जादू करती थीं। पुलिस ने चेतावनी दी है कि कोई भी व्यक्ति या समूह कानून को अपने हाथ में नहीं ले सकता और अंधविश्वास या बिना सबूत के लगाए गए आरोपों के आधार पर हिंसा करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें: हैदराबाद: फिल्म शुरू होने से पहले 22 मिनट तक दिखाए विज्ञापन, मल्टीप्लेक्स पर 75 हजार का लगा जुर्माना