पटाखा फैक्ट्री में भीषण आग, 54 की मौत
शिवकाशी। पटाखों के लिए मशहूर तमिलनाडु के शिवकाशी में एक फैक्ट्री में बुधवार को भीषण आग फैल गई। इसमें कम से कम 54 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 घायल हैं। मुख्यमंत्री जयललिता ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। पांच मंत्रियों को शोक संतृप्त
शिवकाशी। पटाखों के लिए मशहूर तमिलनाडु के शिवकाशी में एक फैक्ट्री में बुधवार को भीषण आग फैल गई। इसमें कम से कम 54 लोगों की मौत हो गई जबकि 50 घायल हैं। मुख्यमंत्री जयललिता ने हादसे पर शोक जताते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। पांच मंत्रियों को शोक संतृप्त परिवारों और घायलों से मुलाकात के लिए भेजा गया है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी घटना पर दुख जताते हुए घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
ओमशक्ति पटाखा फैक्ट्री में लगी आग की लपटें दो वर्ग किलोमीटर दूर से भी दिखाई दे रही थीं। धुएं के कारण दमकलकर्मियों को फैक्ट्री की इमारत में घुसने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। अधिकारियों ने बताया कि शिवकाशी, विरुधूनगर, सत्तुर और मदुरै स्थित अस्पतालों में क्रमश: 25, 15, 13 और एक की मौत की पुष्टि हुई है। मरने वालों में ज्यादातर कर्मचारी थे, जिनकी शिनाख्त काफी मुश्किल है। आग में फंसे लोगों को बचाने की कोशिश में भी कुछ लोग झुलस गए। हादसा उस वक्त हुआ जब कर्मचारी पटाखों में रसायन भर रहे थे। आग के कारण परिसर के छज्जे मलबे में तब्दील हो गए। फैक्ट्री का मालिक फरार बताया जा रहा है। जबकि फोरमैन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
दीपावली का समय नजदीक होने के कारण यहां पटाखा फैक्ट्रियों में तेजी से काम चल रहा है। शिवकाशी से नौ किलोमीटर दूर मुदालीपट्टी स्थित इस फैक्ट्री में हादसे के वक्त 300 लोग काम कर रहे थे। मास्क और अन्य उपकरणों के बिना पहुंचे दमकलकर्मियों ने बताया कि पटाखों में तरह-तरह के रसायन होने के कारण घुटन भरा धुआं निकल रहा था। इससे राहत कार्यो में काफी दिक्कत पहुंची। हम आगे सही से देख नहीं पा रहे थे। अंदर जाने पर पर सांस लेने में भी मुश्किल हो रही थी। इससे पहले 2009 में तिरुवेल्लूर जिले के पल्लीपटू इलाके में पटाखा गोदाम में आग लगने से 32 लोगों की मौत हो गई थी।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर