यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 26, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Operation Kaveri : सूडान से सुरक्षित जेद्दा पहुंचे 530 भारतीय, 360 को लाया जा रहा दिल्ली
सूडान से निकाले गए भारतीयों को सऊदी अरब के जेद्दा शहर में बनाए गए केंद्र पर सभी तरह की आवश्यक ...और पढ़ें

नई दिल्ली, पीटीआई। संघर्षग्रस्त सूडान में फंसे 360 भारतीयों को निकालकर जेद्दा से दिल्ली लाया जा रहा है। इससे पहले बुधवार को वायुसेना के दो विमानों ने 250 से अधिक भारतीयों को और सुरक्षित निकालकर जेद्दा पहुंचाया। मंगलवार को नौसेना के जहाज आइएनएस सुमेधा से 278 नागरिकों को जेद्दा लाया गया था। इस तरह आपरेशन कावेरी के तहत अब तक लगभग 530 भारतीय सूडान से सुरक्षित निकालकर जेद्दा पहुंचाए जा चुके हैं।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने दी जानकारी
आपरेशन कावेरी मिशन के तहत सूडान से निकाले गए भारतीयों को सऊदी अरब के जेद्दा शहर में बनाए गए केंद्र पर सभी तरह की आवश्यक सुविधाएं दी जा रही हैं। आइएनएस सुमेधा के बाद वायुसेना के विमान सी-130जे से भारतीयों के दूसरे और तीसरे जत्थे को बुधवार को जेद्दा लाया गया। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने बताया कि पहले सी-130जे विमान से 121 लोगों को, इसके बाद 135 लोगों को जेद्दा पहुंचाया गया। बुधवार को उन्होंने ट्वीट किया कि आपरेशन कावेरी तेजी से चल रहा है।
भारत ने फंसे भारतीयों को निकालने की कार्रवाई की तेज
एएनआइ के अनुसार, विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन मिशन को गति देने के लिए जेद्दा पहुंच गए हैं। उन्होंने बुधवार को कहा कि जेद्दा से 360 लोगों को विमान से दिल्ली लाया जा रहा है। सूडान में संघषर्रत सेना और अर्धसैनिक बल के 72 घंटे के संघर्ष विराम के बाद भारत ने फंसे भारतीयों को निकालने की कार्रवाई और तेज कर दी है। मालूम हो कि सूडान में 13 दिन से चल रहे संघर्ष में चार सौ से अधिक लोग अपनी जान गंवा चुके हैं, इसमें एक भारतीय भी शामिल है। संघर्ष शुरू होने पर बताया गया था कि सूडान में लगभग तीन हजार से अधिक भारतीय फंसे हुए हैं।
