विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 18, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वैश्विक कारोबारी मसलों पर मंथन करेंगे 50 देश, चुनौतियों पर होगी खुली और बेबाक चर्चा

By Kishor JoshiEdited By:
Published: Sun, 18 Mar 2018 04:51 PM (IST)Updated: Sun, 18 Mar 2018 05:42 PM (IST)

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस दो दिनी चर्चा में सभी देश डब्ल्यूटीओ की मौजूदा चुनौतियों के समाधान पर बेबाक राय रखेंगे।

वैश्विक कारोबारी मसलों पर मंथन करेंगे 50 देश, चुनौतियों पर होगी खुली और बेबाक चर्चा
वैश्विक कारोबारी मसलों पर मंथन करेंगे 50 देश, चुनौतियों पर होगी खुली और बेबाक चर्चा

नई दिल्ली (पीटीआई)। सरकार ने कहा है कि सोमवार से शुरू हो रही दो दिनों की अनौपचारिक डब्ल्यूटीओ मंत्रियों की बैठक में 50 देशों के मंत्री और अधिकारीगण वैश्विक कारोबारी मसलों पर खुलकर चर्चा करेंगे। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस दो दिनी चर्चा में सभी देश विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की मौजूदा चुनौतियों के समाधान पर बेबाक राय रखेंगे।

मंत्रालय ने कहा कि बैठक का मकसद विभिन्न देशों की सरकारों को डब्ल्यूटीओ के समक्ष मौजूद बड़े मसलों पर उचित सलाह मुहैया कराना है। इनमें बहुपक्षीय मसलों के साथ-साथ अन्य क्षेत्रों के मुद्दे भी शामिल होंगे।

गौरतलब है कि वाणिज्य सचिव रीता तेवतिया ने हाल ही में कहा था कि पिछले वर्ष दिसंबर में ब्यूनस आयर्स (अर्जेटीना) में यह वार्ता विफल हो जाने के बाद अब नई दिल्ली में इसके आयोजन से कई देशों के रिश्तों के बीच जमी बर्फ पिघलेगी। बयान में कहा गया है कि बहुपक्षीय कारोबार को मजबूती देना आज जितना प्रमुख मुद्दा पहले कभी नहीं रहा, क्योंकि डब्ल्यूटीओ खुद भी कई तरह के बदलावों से गुजर रहा है।