इलैयाराजा, गुलाम मुस्तफा सहित 43 को दिया गया पद्म सम्मान
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम के दौरान सभी को पद्म पुरस्कार प्रदान किया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। मशहूर संगीतकार इलैयाराजा, हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक गुलाम मुस्तफा खान, हिंदुत्व विचारक पी. परमेश्वरन, केरल के बिशप फिलिपोस मार क्रिसोस्टोम सहित 43 लोगों को 2018 के लिए पद्म सम्मान से सम्मानित किया गया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में एक कार्यक्रम के दौरान सभी को पद्म पुरस्कार प्रदान किया। इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके मंत्रिमंडलीय सहयोगी के अलावा अन्य गणमान्य लोग राष्ट्रपति भवन के दरबार हॉल में हुए कार्यक्रम में मौजूद थे।
सरकार ने इस साल गरीबों की सेवा करने वालों, नि:शुल्क शिक्षा मुहैया कराने वाले स्कूल संचालित करने वालों और वैश्विक स्तर पर जनजातीय कलाकारों को लोकप्रिय बनाने वाली कई हस्तियों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना है।
पद्म पुरस्कार से सम्मानित होने वाले लोगों के नामों की घोषणा गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर ही हो जाती है, लेकिन राष्ट्रपति बाद में सभी को सम्मानित करते हैं। पद्म पुरस्कार तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं। इलैयाराजा (तमिलनाडु), गुलाम मुस्तफा खान (महाराष्ट्र), परमेश्वरन (केरल) को पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है।
पद्म भूषण से सम्मानित होने वालों में पंकज आडवाणी (कर्नाटक), फिलिपोस मार क्रिसोस्टोम (केरल) महेंद्र सिंह धोनी (झारखंड), अलेक्जेंडर कदाकिन (मरणोपरांत- रूस), रामचंद्रन नागास्वामी (तमिलनाडु), वेद प्रकाश नंदा (अमेरिका), लक्ष्मण पई (गोवा), कला, अरविंद पारिख (महाराष्ट्र) और शारदा सिन्हा (बिहार) शामिल हैं। 37 हस्तियों को पद्मश्री से सम्मानित किया गया है।