रिम्स में तीन माह में 303 बच्चों की मौत
रिम्स में इस साल के शुरुआती तीन महीनों में ही इलाज कराने आए 303 बच्चों की मौत हो गई।
रांची (जागरण संवाददाता)। राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सांइस (रिम्स) में बच्चों के इलाज एवं इस क्रम में मौत का आंकड़ा बहुत ही भयभीत करने वाला है। यहां तीन माह में 303 बच्चों की मौत हो गई।
जनवरी, 2018 में रिम्स में कुल 3167 बच्चे आउटडोर में इलाज के लिए पहुंचे। 606 बच्चों को भर्ती किया गया। इनमें 93 बच्चों की मौत हो गई। इसी प्रकार फरवरी, 2018 में कुल 3261 बच्चे इलाज के लिए आए। 604 बच्चों को भर्ती किया गया, जिनमें 96 की मौत हो गई। इसी प्रकार मार्च, 2018 में कुल 3376 बच्चे इलाज के लिए आए। इनमें 761 बच्चों को भर्ती किया गया, जिनमें 114 की मौत हो गई।
जनवरी, फरवरी एवं मार्च में कुल 6637 बच्चे इलाज के लिए आए थे। 1971 बच्चों को भर्ती किया गया। इनमें से कुल 303 बच्चों की मौत हो गई। यह आंकड़ा चौंकाने वाला है, लेकिन मेडिसिन विभाग के आंकड़ों पर नजर दौड़ाई जाए तो यह और चिंताजनक है। मेडिसिन में इलाज के लिए भर्ती होने वाले मरीजों में 20.63 फीसद की मौत हो गई। जनवरी, फरवरी एवं मार्च में मेडिसिन विभाग में कुल 25,502 लोग इलाज के लिए पहुंचे। इनमें 5,957 को भर्ती किया गया। इनमें से 1,229 मरीजों की मौत हो गई।