बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मध्य प्रदेश से भेजी जाएंगी 30 हजार ईवीएम
मप्र की 24 विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर भी आयोग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राज्य में मानसून के बाद उपचुनाव के आसार हैं।
भोपाल, स्टेट ब्यूरो। अक्टूबर-नवंबर में प्रस्तावित बिहार विधानसभा चुनाव के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) मध्य प्रदेश से भेजी जाएंगी। चुनाव आयोग ने मध्य प्रदेश को 30 हजार ईवीएम बिहार को देने के निर्देश दिए हैं। ये मशीनें बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारी प्रदेश के करीब 24 जिलों से ले जाएंगे।
वीवीपैट दूसरे राज्य से भेजी जाएंगी, 30 हजार ईवीएम मध्य प्रदेश से भेजी जाएंगी
भोपाल स्थित मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश में 90 हजार से ज्यादा ईवीएम उपलब्ध हैं। चुनाव आयोग ने बिहार के प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन देने के निर्देश दिए हैं। कुल 30 हजार बैलेट यूनिट और कंट्रोल यूनिट 24-25 जिलों से भेजी जाएंगी। वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपैट) दूसरे राज्य से भेजी जाएंगी। मशीनें सागर, देवास, उमरिया, सतना सहित अन्य जिलों से जाएंगी। इसके लिए संबंधित कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं।
मशीनें ले जाने की जिम्मेदारी बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की होगी
मशीनें ले जाने की जिम्मेदारी बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की होगी। वहां से अधिकारियों की टीम सुरक्षा के इंतजामों के साथ आएगी।
24 विधानसभा उपचुनाव की तैयारियां शुरू
उधर, मप्र की 24 विधानसभा सीटों के उपचुनाव को लेकर भी आयोग ने अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। कलेक्टरों को चुनाव कार्य से जुड़े ऐसे अधिकारियों की सूची बनाने के निर्देश दिए हैं, जिन्हें जिले में एक स्थान पर पदस्थ रहते हुए तीन साल से अधिक समय हो गया है।
चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद तबादले किए जाएंगे
चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद इनके तबादले किए जाएंगे। राज्य में मानसून के बाद उपचुनाव के आसार हैं। इस बीच ईवीएम की पहले दौर की जांच इसी माह कराई जाएगी। इसके लिए बेंगलुर से इंजीनियर आएंगे।