26/11 मुंबई हमलेे के मास्टरमाइंड लखवी पर पाक कोर्ट में चलेगा केस
मुंबई हमले के मास्टरमाइंड जकीउर रहमान लखवी पर पाकिस्तान की अदालत में मामला चलेगा। इसका आदेश पाक कोर्ट ने दिया है। उसके अलावा छह अन्य पर भी मामला चलेगा।
नई दिल्ली (जागरण ब्यूरो)। मुंबई हमले के आठ साल बाद पाकिस्तान की आंतकवाद निरोधक अदालत ने 26/11 के मास्टरमाइंड जकी-उर-रहमान लखवी के खिलाफ 166 लोगों की हत्या के लिए उकसाने के मामला में मामला चलाने के आदेश दे दिए हैं। कोर्ट ने इस मामले में छह अन्य आरोपियों के खिलाफ उकसाने का मामला दर्ज कर केस चलाने के आदेश दिए हैं। लखवी पर हमलावर आतंकियों को उकसाने का आरोप है, जिसका सबूत भारत कई बार पाकिस्तान को सौंप चुका है।
आपकों बता दें कि पाकिस्तान से आए 10 आतंकवादियों ने नवंबर 2008 में मुंबई में घुसकर भयानक नरसंहार को अंजाम दिया था, जिसमें कुल 166 भारतीय व विदेशी नागरिक मारे गए थे। नौ आतंकवादियों को मार गिराया गया था और एक को जिंदा पकड़ लिया गया था, जिसे बाद में कानूनी प्रक्रिया के तहत फांसी पर लटका दिया गया था। एक मात्र जिंदा पकड़े आतंकी अजमल कसाब ने दिए अपने बयान में आतंक के मास्टमाइंड लखवी का नाम लिया था। कसाब ने कहा था कि लखवी ने उसे हमले के लिए उकसाया था। जिसके बाद से ही भारत लगातार लखवी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहा है। पाकिस्तान कोर्ट में अब इस मामले को लेकर 25 मई को सुनवाई होगी।
जकीउर रहमान लखवी से जुड़ी सभी खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें