दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने 25 ग्रामिणों को पीटकर किया घायल, जानें पूरा मामला
दंतेवाडा में विकास की मांग कर रहे ग्रामीणों पर नक्सलियों ने हमला किया। इन ग्रामीणों को बुरी तरह पीटा गया। इस घटना में 20 लोग घायल हो गए हैं।
रायपुर, एएआइ। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने कथित तौर पर ग्रामीणों की पिटाई की, जिसमें से 25 ग्रमीण घायल हो गए हैं। इनमें से आठ लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। दरअसल, यह सभी ग्रामीण अपने क्षेत्र में विकास की मांग कर रहे थे तो उसके एवज में नक्सलियों ने उनके साथ बुरा बर्ताव किया और बुरी तरह पीटा।
यह घटना कातेकल्याण थाने के अंतर्गत पारचेली गांव में शुक्रवार रात हुई थी। दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक पल्लव ने न्यूज एजेंसी पीटीआइ से बातचीत करते हुए कहा कि घटना की जानकरी मिलने के बाद पुलिस दल को घटनास्थल पर भेजा गया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हाल ही में कुछ दिनों पहले जिलाधिकारियों ने इस क्षेत्र का दौरा किया था।
विकास कार्यों की मांग कर रहे थे ग्रामीण
दरअसल, पारचेली के लोगों ने गाव में सड़क का निर्माण, आंगनवाड़ी खोलने के साथ गांव के विकास कार्य करने की मांग उठाई थी, जिसके बाद अधिकारियों ने उनकी मांग पर विचार करने करने का आश्वासन दिया था। उन्होंने बताया कि जैसे ही नक्सलियों को इसकी जानकरी मिली तो उन्होंने पारचेली गांव में बैठक कर महिलाओं बच्चों सहित कई ग्रामीणों की पिटाई की।
उन्होंने बताया कि पुलिस दल के साथ एक एंबलेस रविवार सुबह गावं तक पहुंची और घटना में घायल हुए 25 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहीं गंभीर रुप से घायल आठ लोगों लोगों को जिला अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया है।
17 लोगों को अस्पताल से मिली छुट्टी
फिलहाल 17 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में ग्रामीणों की सामूहिक रूप से पिटाई की घटनाएं प्राय होती रहती है। उन्होंने बताया कि कुछ नक्सलियों को गिरफ्तार किए जाने और कुछ के आत्मसमपर्ण कर देने से हताश होकर नक्सली ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। फिलहाल मामला दर्ज कर लिया है और नक्सलियों की खोजबीन जारी है।