विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मध्य प्रदेश में वेयरहाउस से 24 EVM गायब, मामला दर्ज, मार्च में टूटी थी दीवार; सितंबर में हुआ खुलासा

Published: Fri, 02 Oct 2026 02:10 AM (IST)

मध्य प्रदेश के अनूपपुर में वेयरहाउस से 24 ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें) गायब मिली हैं। 16 मार्च को वेयरहाउस की ...और पढ़ें

मध्य प्रदेश में वेयर हाउस से 24 ईवीएम गायब, मामला दर्ज

मध्य प्रदेश में वेयर हाउस से 24 ईवीएम गायब, मामला दर्ज

HighLights

  1. मार्च में क्षतिग्रस्त हुई थी वेयर हाउस की दीवार

  2. 21 सितंबर को सत्यापन के दौरान चोरी का खुलासा 

जेएनएन, अनूपपुर। मध्य प्रदेश के अनूपपुर में वेयरहाउस से 24 ईवीएम (इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें) गायब मिली हैं। 16 मार्च को वेयरहाउस की दीवार क्षतिग्रस्त मिली थी, तो उस समय मशीनों की सुरक्षा और रिकॉर्ड का सत्यापन नहीं कराया गया।

सितंबर के अंतिम सप्ताह में भौतिक सत्यापन के दौरान आठ बैलेट यूनिट और 16 कंट्रोल यूनिट कम मिलीं तो बुधवार को प्राथमिक विद्यालय सीतापुर के सहायक शिक्षक फूल सिंह ने अनूपपुर तहसीलदार वेद प्रकाश सिंह व सहायक शिक्षक संजय निगम ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के मुताबिक, वर्ष 2014 में पंचायत चुनाव के लिए पुराने तहसील कार्यालय के पीछे बने वेयरहाउस में 620 कंट्रोल यूनिट और 1670 बैलेट यूनिट रखी गई थीं।

लंबे समय तक ये मशीनें उसी परिसर में रखी रहीं। 16 मार्च को ईवीएम वेयरहाउस के पीछे की दीवार क्षतिग्रस्त मिलने के बाद 21 सितंबर को ईवीएम मशीनों को पुराने तहसील परिसर से हटाकर पालिटेक्निक महाविद्यालय में संचालित तहसील कार्यालय के भूतल स्थित कक्ष क्रमांक-6 में रखा गया था।

इसके बाद 24 से 28 सितंबर के बीच मशीनों का भौतिक सत्यापन कराया गया। यहीं रिकार्ड और मौके पर उपलब्ध मशीनों की संख्या में अंतर सामने आया। इन मशीनों के सीरियल नंबर भी शिकायत में दर्ज किए गए हैं।

पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। कोतवाली प्रभारी उमेश उपाध्याय ने बताया कि ईवीएम मशीनों के न मिलने की शिकायत प्राप्त हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।