COVID-19: बेंगलुुरु जेल में दो अपराधी संक्रमित, स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला मामले में हुई थी गिरफ्तारी
बेंगलुरु के जेल में बंद दो अपराधियों का कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव पाया गया जिसके बाद इन्हें अस्पताल ले जाया गया है।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के पद्रायानपुरा में स्वास्थ्यकर्मियों के खिलाफ हिंसा मामले में गिरफ्तार किए गए 121 अपराधियों में से दो संक्रमित पाए गए। इनका कोविड-19 टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसके बाद दोनों संक्रमितों को रामनगर जेल से विक्टोरिया अस्पताल ले जाया गया। बाकी 119 को बेंगलुरु ले जाने की बात की जा रही है। उल्लेखनीय है कि कर्नाटक में कुल 8 जिला जेल हैं। इन जेलों में इससे पहले एक भी संक्रमण का केस नहीं था।
गत 19 अप्रैल को स्वास्थ्यकर्मियों पर हमला मामले में गिरफ्तार 121 लोग पिछले 22 अप्रैल से रामनगर जिला जेल में कैद हैं। इन्होंने पुलिस चौकी पर भी तोड़-फोड़ की थी। दरअसल, COVID-19 मरीजों के संपर्क में आए लोगों को क्वारंटाइन सेंटर में भेजे जाने का इन्होंने विरोध किया था।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने गुरुवार को ट्वीट किया और कहा, ‘रामनगर जेल में दो आरोपी कोविड-19 के लिए पॉजिटिव हैं। अब यह मामला रामनगर का हो गया जो उन जिलों की लिस्ट में शामिल है जहां संक्रमण का एक भी केस नहीं था।’ उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा, 'राज्य में पहले से ही 445 लोग संक्रमित हैं और 17 लोगों ने अपनी जिंदगी गंवा दी। केवल 8 जिले संक्रमण मुक्त हैं। रामनगर उनमें से एक है। अब सरकार ने रामनगर में भी वायरस फैलाने का फैसला लिया है।'
उन्होंने कहा, ‘सरकार को रामनगर जेल में बंद सभी कैदियों को तुरंत यहां से हटाना होगा। यदि ऐसा नहीं होता है तो मैं विरोध प्रदर्शन करने पर मजबूर हूं। जिले में लोगों के बीच डर व्याप्त है।’ एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा, 'इन दो संक्रमितों के संपर्क में आए 8 कैदियों को क्वारंटाइन सेंटर ले जाया गया है लेकिन यह पर्याप्त नहीं है। सरकार को पूरे रामनगर जेल को ही क्वारंटाइन करना होगा। यहां तैनात तमाम सभी पुलिसकर्मी, जेल गार्ड, हाउसकीपिंग और किचन स्टाफ आदि भी इसमें शामिल हैं।’