पांच अगस्त के बाद से कश्मीर घाटी में पत्थरबाजी की 190 घटनाएं
अधिकारियों के मुताबिक इस साल अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से घुसपैठ के 171 प्रयास हुए।
नई दिल्ली, प्रेट्र। अनुच्छेद 370 समाप्त किए जाने के बाद से कश्मीर घाटी में पत्थरबाजी की 190 घटनाएं हुईं और इसमें संलिप्त 250 लोग अभी जेल में हैं।
अधिकारियों के मुताबिक इस साल अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में सीमा पार से घुसपैठ के 171 प्रयास हुए। 2018 में 143, 2017 में 136 और 2016 में 119 घुसपैठ के प्रयास हुए थे। 2019 में अब तक पत्थरबाजी की 544 घटनाएं हुईं और उनमें से 190 घटनाएं पांच अगस्त के बाद की हैं। आठ दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर के 356 लोग जेल में थे जिनमें से 250 पत्थरबाज हैं। 2018 में पत्थरबाजी की 802 घटनाएं हुई थी।
उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय कृषि सहकारिता विपणन फेडरेशन (नाफेड) ने घाटी में अभी तक 15.49 लाख मीट्रिक टन सेब का उत्पादन किया है और मार्च के अंत तक कुल 22.5 लाख मीट्रिक टन उत्पादन का लक्ष्य है। पिछले वित्त वर्ष में नाफेड ने 22.5 लाख मीट्रिक टन सेब का उत्पादन किया था।