बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान 17 की डूबकर मौत
बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा के विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में कुल 17 लोगों की डूबने से मौत ...और पढ़ें

बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान 17 मौतें। (फोटो- AI जेनरेटेड)
HighLights
बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा विसर्जन के दौरान 17 मौतें।
औरंगाबाद में सहेलियों को बचाते हुए एक लड़की की मौत।
पलामू में कर्म डाली विसर्जन के दौरान पांच लोग डूबे।
जागरण टीम, नई दिल्ली। बिहार और झारखंड में कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान अलग-अलग जगहों पर डूबने से कुल 17 लोगों की डूबकर मौत हो गई। सबसे दर्दनाक हादसा औरंगाबाद जिले में सामने आया है। यहां के कुटुंबा थाना क्षेत्र के सिंघना गांव में तीन सहेलियां तालाब में कर्मा पूजा की सामग्री विसर्जन करने गई थी।
विसर्जन के बाद नहाने के दौरान पुष्पांजलि, पायल और छाया गहरे पानी में डूबने लगीं। तीनों को डूबते देख 17 वर्षीया आकांक्षा ने बचाने के लिए खुद तालाब में छलांग लगा दी। आकांक्षा तीनों बच्चियों को सुरक्षित तालाब किनारे लाकर खुद गहरे पानी में डूब गई। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव तालाब से निकाला गया।
मालूम हो कि कर्मा भाई-बहन के प्रेम का प्रतीक और प्रकृति की उपासना का पर्व है। मंगलवार को यह त्योहार राज्यभर में धूमधाम से मनाया गया। इसमें करम वृक्ष की डाली की पूजा की जाती है। पर्व के समापन अवसर पर पूजित करम वृक्ष की डाली का नदी-तालाबों में विसर्जन किया जाता है।
बिहार में बुधवार को कर्मा पूजा के बाद विसर्जन के दौरान 12 लोगों की डूबने से मौत हो गई। इनमें से पांच के शव बरामद कर लिए गए हैं। पटना जिले के बाढ़ में दो बच्चों, बख्तियारपुर में तीन किशोरों, मनेर में एक महिला और दो किशोरियों, अथमलगोला में सगे भाई-बहन और धनरुआ में एक किशोरी की डूबने से जान चली गई।
झारखंड में विसर्जन के दौरान डूबकर पांच की मौत
झारखंड के पलामू जिले में बुधवार को कर्मा पर्व के समापन अवसर पर पूजित कर्म डाली के विसर्जन के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में एक बच्चे और एक किशोरी समेत पांच लोगों की नदी में डूबकर मौत हो गई। एक बच्चे, एक किशोर व दो युवकों समेत चार के शव घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर बोकाया नदी घाट में बरामद हुए।
इन लोगों के साथ ही नदी में डूबा एक आठ वर्षीय बच्चा अब भी लापता है। बताया जाता है कि डाली विसर्जन के दौरान एक युवक नीतीश सिंह नदी में उतरा और गहरे पानी में जाने के बाद डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में अन्य चार भी नदी में उतर गए, नदी की तेज धार में सभी बह गए।
