इन महिला सैनिकों ने दिखाया अदम्य साहस, LAC पर चार दिन की पेट्रोलिंग कर बनाया रिकॉर्ड
महिला सैनिको की टीम ने चीन की सीमा पर गश्त कर नया रिकॉर्ड बनाया है। इस टीम में सेना असम राइफल्स और आइटीबीपी की 18 सैन्यकर्मी शामिल थीं।
नई दिल्ली, प्रेट्र। अरुणाचल प्रदेश में चीन की सीमा से लगती वास्तविक नियंत्रण रेखा (Line of Actual Control) पर 18 महिला सैनिकों के दल ने चार दिन की पेट्रोलिंग (Patrolling) पूरी की। भारतीय सेना की महिला सैन्य अधिकारी ने इस गश्ती दल का नेतृत्व किया।
आधिकारिक बयान के मुताबिक महिला सैनिकों की इस टीम ने 10 अगस्त को अरुणाचल प्रदेश के अंजाव जिले के किबुतु से गश्त की शुरू की थी। इस दल में भारतीय सेना के साथ ही असम राइफल्स और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आइटीबीपी) की सदस्य शामिल थीं।
बयान में कहा गया है कि हिमालय की पहाड़ियों में साहसिक सह परिचालन गश्त पूरा करने वाली महिलाओं की यह पहली टीम थी। ऐसा कर इस टीम ने इतिहास में अपना नाम दर्ज करा लिया है। इन महिला सैनिकों ने इतिहास में अपना नाम ही नहीं दर्ज कराया है, बल्कि 'नारी शक्ति' की जबरदस्त क्षमता का प्रदर्शन भी किया है।
सरकारी बयान में कहा गया है, 'दुरूह पहाडि़यों, घने जंगलों, नदियों की तेज धाराओं को पार करते हुए गश्त के चार दिन, गश्ती सदस्यों के धैर्य, दृढ़ संकल्प और नौसैनिक कौशल का परीक्षण करते हैं, जो देश के 73वें स्वतंत्रता दिवस पर महिला सशक्तीकरण का वास्तविक प्रतीक है।'
पूर्वी कमान के प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मनोज मुकुंद नरवाने ने गश्ती दल में शामिल महिला सैन्यकर्मियों के व्यावसायिकता और दृढ़संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन पूर्वोत्तर में तैनात सुरक्षा बलों के बीच तालमेल का प्रदर्शन और देश को ताकत प्रदान करते हैं।