छत्तीसगढ़ में पांच लाख की इनामी महिला नक्सली समेत 12 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण
दंतेवाड़ा में बुधवार को किरंदुल थाने में पुलिस के सामने 11 नक्सली सदस्यों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
जगदलपुर/दंतेवाड़ा, राज्य ब्यूरो। पांच लाख की इनामी महिला नक्सली दशमी ने बुधवार को आत्मसमर्पण कर दिया। उधर दंतेवाड़ा में हिरोली गांव के 11 नक्सली आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आए। दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना क्षेत्र के नीलावाया से पुलिस ने एक लाख रुपये के इनामी नक्सली को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। जगदलपुर में दरभा डिवीजन कमेटी के अंतर्गत कटेकल्याण एरिया कमेटी सदस्य व चेतना नाट्य मंडली अध्यक्ष दशमी ने आत्मसमर्पण किया। उस पर पांच लाख रुपये का इनाम घोषित था। उस पर हत्या समेत कई संगीन आरोप हैं।
दंतेवाड़ा के किरंदुल थाने में 11 नक्सली सदस्यों ने किया आत्मसमर्पण
सीआरपीएफ दफ्तर में सुबह आइजी बस्तर सुंदरराज पी, एसपी दीपक कुमार झा, सीओ 80 बटालियन सीआरपीएफ अमिताभ कुमार ने उसे मीडिया के समक्ष पेश किया। दशमी वर्ष 2012 से 2020 तक कुल 13 वारदातों में शामिल रही। कोलेंग के पूर्व जनपद सदस्य पांडुराम की हत्या में उसकी अहम भूमिका थी। दशमी का बड़ा भाई लक्ष्मण माचकोट एलओएस कमांडर है। उधर दंतेवाड़ा में बुधवार को किरंदुल थाने में 11 नक्सली सदस्यों ने आत्मसमर्पण कर दिया।
2014 में पुलिस के वाहन को विस्फोट से उड़ाया था
यह नक्सली वर्ष 2014 में पुलिस के बोलेरो वाहन को विस्फोट में उड़ाने के साथ 2016 में मदाड़ी के भीमाराम कड़ती अपहरण, लूटपाट और 2017 में मलांगिर पंप हाउस और वाहन में आगजनी की घटना में शामिल थे। इनमें जोगा कुंजाम, कोसा मड़काम, सोमारू माड़वी, बीडू तामो, हुंगा कुंजाम, सुरेश कुंजाम, बोड्डा बोसे, कोसा माड़वी, कमलू माड़वी, पंडरू उर्फ मोटू तामो, कड़ती दुग्गे शामिल हैं।
दंतेवाड़ा के अरनपुर थाना पुलिस ने एक लाख का इनामी नक्सली को किया गिरफ्तार
दंतेवाड़ा में ही अरनपुर थाना पुलिस ने ग्राम नीलावाया-गोरेपारा में दंडकारण्य आदिवासी किसान मजदूर संघ अध्यक्ष भीमे कोर्राम (35) पुत्र हड़मा उर्फ जोगा को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उस पर एक लाख रुपये का इनामी घोषित था।