विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

विदेशों में छिपाई संपत्ति का सच आया सामने, दो महीने में 1100 लोगों ने टैक्स विभाग को दी जानकारी; 31 दिसंबर तक मौका

Published: Mon, 26 Oct 2026 09:21 PM (IST)

पिछले दो महीनों में 1100 छोटे करदाताओं ने आयकर विभाग के समक्ष अपनी अघोषित विदेशी संपत्ति का खुलासा किया है।

अघोषित विदेशी संपत्ति का खुलासा

अघोषित विदेशी संपत्ति का खुलासा

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। पिछले दो माह में 1100 लोगों ने विदेश स्थित अपनी अघोषित संपत्ति का खुलासा इनकम टैक्स विभाग के समक्ष किया है। इस साल 16 अगस्त से विभाग ने छोटे टैक्सपेयर्स के लिए इस योजना को लागू किया था ताकि वे अघोषित विदेशी संपत्ति पर सरकार को टैक्स देकर भविष्य में लगने वाले जुर्माना और अन्य कार्रवाई से बच सके।

योजना के तहत इस साल 31 दिसंबर तक विदेश स्थित अपनी संपत्ति या इनकम का खुलासा करने का मौका है। सिर्फ उन्हीं संपत्ति की घोषणा की जा सकेगी जिनका मूल्य पांच करोड़ से अधिक नहीं है। वैसे ही सिर्फ एक करोड़ तक की विदेशी इनकम को ही इस योजना के तहत वैधानिक कर सकेंगे।

इनकम का 30 प्रतिशत और पेनाल्टी के रूप में 30 प्रतिशत का भुगतान कर स्माल टैक्सपेयर्स अपनी विदेशी संपत्ति का खुलासा कर सकते हैं। इनकम टैक्स विभाग के ई-फाइलिंग पोर्टल पर ही पूरी तरह से यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी। पोर्टल पर ही इस योजना की पूरी जानकारी मिल जाएगी।

इनकम टैक्स विभाग के सूत्रों के मुताबिक सरकार विभिन्न माध्यमों से भारतीयों की विदेशी संपत्ति की जानकारी जुटा रही है और इसके तहत विभाग को लगातार उन विदेशी संपत्ति की जानकारी मिल रही है जिसके बारे में टैक्स विभाग को टैक्सपेयर्स ने नहीं बताया है।

विभाग का कहना है कि टैक्सपेयर्स की सहूलियत के लिए उन्हें अपनी विदेशी संपत्ति को वैधानिक मान्यता दिलाने का मौका दिया जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि सरकार विभिन्न देशों के साथ द्विपक्षीय समझौते की शर्तों तहत व अपने स्तर पर भी भारतीयों की विदेशी संपत्ति की जानकारी जुटा रही है।