COVID-19 solutions: शोध में जुटी भारत-अमेरिका के वैज्ञानिकों की 11 टीम
महामारी से निजात पाने का कोई हल मिल जाए इस उम्मीद से भारत और अमेरिका के वैज्ञानिकों ने मिलकर काम करना शुरू किया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। कोविड-19 के संकट से छुटकारा पाने के लिए दिन-रात दुनिया के वैज्ञानिक शोध में जुटे हैं। इस क्रम में भारत और अमेरिका के वैज्ञानिकों की 11 टीम समाधान खोजने में जुट गई है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय (DST) की रिलीज के अनुसार, भारतीय अमेरिकी वैज्ञानिकों की 11 टीमें डायग्नोस्टिक टेस्ट, एंटीवायरल थेरैपी, ड्रग, वेंटिलेटर रिसर्च, डिसइंफेक्शन मशीन और सेंसर आधारित ट्रैकिंग पर जल्द ही काम करना शुरू करेगी।
इंडो-यूएस साइंस एंड टेक्नोलॉजी फोरम रिसर्च अवॉर्ड की घोषणा करेगा जिसके लिए भारत और अमेरिका की सरकार संयुक्त रूप से फंड करती हैं। DST ने अपने बयान में कहा कि टीमों का चयन अमेरिका-भारत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रतिभा कोष (US-India Science and Technology Endowment Fund, USISTEF) की तरफ से किया गया है।
विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्रालय के डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के सचिव आशुतोष शर्मा ने बताया, दोनों देशों के वैज्ञानिक महामारी को नजदीक से समझने की कोशिश करेंगे। अमेरिका के यूएस डिपार्टमेंट ऑफ स्टेट के साइंस, स्पेस एंड हेल्थ के डिप्टी असिस्टेंट सेक्रेटरी जोनाथन मारगोलिस का कहना है कि भारत और अमेरिका कोरोना से लड़ने में संयुक्त रूप से अहम भूमिका निभा सकते हैं।
दुनिया भर में संक्रमितों का आंकड़ा-
अमेरिका की जॉन्स हॉपकिन्स यूनिवर्सिटी (Johns Hopkins University) के अनुसार, पूरी दुनिया में गुरुवार सुबह तक कोविड-19 संक्रमितों की संख्या 2 करोड़ 59 लाख 34 हजार 4 सौ 66 हो गई और मरने वालों की संख्या 8 लाख 61 हजार 5 सौ 12 है। इस डाटा के अनुसार, अमेरिका सबसे अधिक संक्रमित है और दुनिया के तमाम देशों में शीर्ष पर है। यहां कुल संक्रमित 61 लाख 13 हजार 1 सौ 60 है और मरने वालों की संख्या 1 लाख 85 हजार 7 सौ 4 हो गई है। इसके बाद ब्राजील है जहां 39 लाख 97 हजार 8 सौ 65 लोग संक्रमित हैं और मरने वालों की संख्या 1 लाख 23 हजार 7 सौ 80 है। इसके बाद नंबर आता है भारत का जहां अभी काफी बुरे हालात हैं। यहां रोज आने वाले नए मामलों का आंकड़ा आसमान छू रहा है। देश में कुल संक्रमितों की संख्या 37 लाख 69 हजार 5 सौ 23 है और मरने वालों की संख्या 66 हजार 3 सौ 33 है।